रायपुर

CG Politics: नफरती बयान पर भाजपा महिला का प्रदर्शन, कांग्रेस ने खोली मोहब्बत की दुकान

CG Politics: महिला मोर्चा की कुछ कार्यकर्ता कांग्रेस भवन पहुंचने में भी कामयाब रही। यहां महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने फूलों से उनका स्वागत किया। इस दौरान भी दोनों के बीच तू-तू, मैं-मैं भी देखने को मिली।
2 min read
Sep 03, 2025
नफरती बयान पर भाजपा महिला का प्रदर्शन (Photo source- Patrika)
नफरती बयान पर भाजपा महिला का प्रदर्शन (Photo source- Patrika)

CG Politics: पिछले दिनों बिहार में प्रधानमंत्री के खिलाफ नफरती बयान और उनकी मां को लेकर कहे गए अपशब्दों के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कांग्रेस भवन का घेराव किया। इन्हें रोकने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झूमाझटकी भी हुई। दूसरी ओर, भाजपा के घेराव को देखते हुए महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन के गेट पर पोस्टर लगा रखा था। इसमें मोहब्बत की दुकान लिखा हुआ था।

CG Politics: टर्निंग प्वॉइंट के पास रोकने का प्रयास

महिला मोर्चा की कुछ कार्यकर्ता कांग्रेस भवन पहुंचने में भी कामयाब रही। यहां महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने फूलों से उनका स्वागत किया। इस दौरान भी दोनों के बीच तू-तू, मैं-मैं भी देखने को मिली। भाजपा महिला मोर्चा ने घेराव से पहले बीटीआई ग्राउंड में सभा की और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। इस दौरान कार्यकर्ता विरोध स्वरुप काले रंग के कपड़े पहने थे। इसके बाद कार्यकर्ता रैली की शक्ल में कांग्रेस भवन का घेराव करने निकले।

पुलिस ने उन्हें बैरिकेड्स लगाकर शंकर नगर टर्निंग प्वॉइंट के पास रोकने का प्रयास किया। इससे कार्यकर्ता नाराज हो गई और नारेबाजी करने लगी। कुछ कार्यकर्ता ने बैरिकेड को तोड़ दिया। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझटकी हुई। प्रदर्शन के दौरान सांसद रूपकुमारी, कमलेश जांगड़े, संध्या परगनिया, हर्षिता पांडेय, रायपुर महापौर मीनल चौबे, कोरबा महापौर संजू राजपूत, बिलासपुर महापौर पूजा विधानी, मंजूषा भगत, विधायक शकुंतला पोर्ते, पूर्व अध्यक्ष शालिनी राजपूत सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

सभा में किस नेता ने क्या कहा

सरोज पांडेय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, भाजपा: मोहब्बत की दुकान चलाने वाले उस दुकान में अपशब्द बेचते और नफरत फैलाते हैं। कांग्रेस और उसके नेता देश के प्रधानमंत्री के ऊपर लगातार लांछन लगाया और लगातार झूठ बोला। प्रधानमंत्री के लिए सम्मानजनक संबोधन होना चाहिए, लेकिन कांग्रेस पार्टी के नेता ने ऐसा नहीं किया जो अभद्र भाषा वे बोलते हैं। यह भारत की संस्कृति में नहीं है।

विभा अवस्थी, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा महिला मोर्चा: बिहार जैसे पवित्र भूमि में राजनीतिक मंच से प्रधानमंत्री की मां को गाली देना घोर निंदनीय है। कांग्रेस के उस नेता के पास संस्कार भारत देश के नहीं, इटली के हैं। आज हम यहां राहुल गांधी को चेतावनी देने के लिए आए हैं। जिन्होंने राजनीतिक मंच से आरजेडी के साथ मिलकर प्रधानमंत्री की स्वर्गीय माताजी को अपशब्द कहा और अनर्गल टिप्पणी की।

CG Politics: किरण सिंह देव, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा: अपने आप को देश का सबसे बड़ा राजनीतिक दल कहने वाली कांग्रेस पार्टी और उसके नेता लगातार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता को सहन नहीं कर पा रहे हैं। बिहार के दरभंगा में देश के प्रधानमंत्री की माताजी पर अमर्यादित टिप्पणी करना मातृशक्ति का अपमान है।

Updated on:
03 Sept 2025 12:57 pm
Published on:
03 Sept 2025 12:57 pm