रायपुर

छत्तीसगढ़ में बारिश के बाद 17 मई से फिर बढ़ेगी गर्मी, रायपुर और दुर्ग संभाग में हीटवेव अलर्ट जारी

Chhattisgarh weather News: छत्तीसगढ़ में मौसम तेजी से बदल रहा है, जहां रायपुर और दुर्ग सहित कई जिलों में बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन मौसम विभाग ने आगे भी बदलाव और गर्मी बढ़ने की संभावना जताई है।
2 min read
May 15, 2026
Heat wave Alert
Heat wave Alert(photo-patrika)

Chhattisgarh weather News: छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम तेजी से बदलता नजर आ रहा है। शुक्रवार सुबह राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। लंबे समय से भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को इस बारिश से बड़ी राहत मिली है। रायपुर, दुर्ग और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम में आई इस बदलाव से तापमान में गिरावट आई है और लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि मौसम विभाग ने आगे भी परिवर्तन की संभावना जताई है।

Chhattisgarh weather News: 42 से 44 डिग्री तापमान के बीच मिली राहत

पिछले कई दिनों से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था। ऐसे में सुबह हुई बारिश और ठंडी हवाओं ने मौसम को काफी सुहाना बना दिया। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, मुंगेली, लोरमी और रायगढ़ सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

गरज-चमक और तेज हवाओं ने बढ़ाई मुश्किलें

बारिश के साथ कई इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं भी देखने को मिलीं। कुछ स्थानों पर दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ों की डालियां टूटने और जनजीवन प्रभावित होने की खबरें सामने आई हैं। धमतरी सहित कुछ जिलों में आंधी के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

अगले चार दिन तक मौसम रहेगा अस्थिर

भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक छत्तीसगढ़ में मौसम अस्थिर बना रह सकता है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज अंधड़ और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

17 मई से फिर बढ़ेगी गर्मी

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी। 17 मई से मध्य छत्तीसगढ़ में एक बार फिर गर्मी का असर तेज होने लगेगा। अगले पांच दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। फिलहाल राजनांदगांव राज्य का सबसे गर्म जिला बना हुआ है, जहां तापमान करीब 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। रायपुर और दुर्ग संभाग में हीटवेव अलर्ट भी जारी किया गया है।

किसानों की बढ़ी चिंता

मौसम के इस अचानक बदलाव से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। कई किसान इन दिनों खेती से जुड़े कार्यों में लगे हुए हैं। ऐसे में बारिश और तेज हवाएं फसलों और कृषि कार्यों पर असर डाल सकती हैं। ग्रामीण इलाकों में भी बदलते मौसम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

मौसम विभाग की लोगों को सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में बाहर निकलने से बचने को कहा गया है। इसके अलावा पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और बिजली कड़कने के दौरान खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी गई है।

Updated on:
15 May 2026 05:29 pm
Published on:
15 May 2026 05:29 pm