रायपुर

Election Mission 2028: ‘मुंह में मिश्री, सिर पर बर्फ रखो’… CM साय ने कार्यकर्ताओं को दिए 4 मंत्र, जानिए क्या है जीत का फॉर्मूला

Assembly Election 2028: रायपुर में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यकर्ताओं को "मुंह में मिश्री, सिर पर बर्फ रखो" का संदेश देते हुए चार मंत्र दिए और सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
2 min read
Jul 11, 2026
Vishnu Deo Sai 4 Mantras
Chhattisgarh CM Vishnudeo sai ( Photo - DPR Chhattisgarh )

रायपुर@संतराम साहू।Election Campaign 2028: भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। उसने अपने कार्यकर्ताओं के भरोसे अगली बार भी सरकार बनाने का रोडमैप तैयार किया है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को मैदान में उतरकर सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए कहा है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में शुक्रवार को संयुक्त प्रकोष्ठों की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में 2028 के चुनाव को लेकर रणनीति बनाई गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यकर्ताओं को चार मंत्र देकर उनमें जोश भरा और पार्टी के हितों के लिए मैदान में उतरने को भी कहा। उन्होंने कहा, हम सभी विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के कार्यकर्ता हैं जिसके करोड़ों सदस्य हैं। इतनी बड़ी पार्टी दुनिया में नहीं है। सबसे बड़ा लोकतंत्र भी हमारा देश है।
मुंह में मिश्री, सिर पर बर्फ रखो: सीएम

यह हैं मुख्यमंत्री के दिए 4 मंत्र -

  • 1- सिर पर बर्फ रखो यानी दिमाग हमेशा ठंडा रखो।
  • 2- मुंह में मिश्री रखो यानी जुबान हमेशा मीठी रखो।
  • 3- पैर में चक्र रखो यानी पार्टी के काम के लिए हमेशा चलायमान रहो।
  • 4- पार्टी के प्रति अगाध श्रद्धा रखो, ताकि आपस में भाईचारा बना रहे।

छत्तीसगढ़ में पार्टी के 61 लाख सदस्य

मुख्यमंत्री ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी 140 करोड़ भारतवासियों को अपना परिवार मानते हैं और 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास को मूलमंत्र मानते हुए काम कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भाजपा के 61 लाख प्राथमिक सदस्य है जिसमें से आप लोगों को यह दायित्व मिला है। उन्होंने 2023 के चुनाव में मोदी की गारंटी में किए वादों की चर्चा करते हुए कहा, मोदी की गांरटी के अधिकतर वादों को हमने पूरा कर दिया है। हमें जनता तक केन्द्र एवं राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को लेकर जाना है और योजनाओं को लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को मिले, इस दिशा में काम करना है।

भाजपा जनसेवा की भावना से कार्य करती है : किरण देव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा, भाजपा में सभी कार्यकर्ताओं को मान-सम्मान मिलता है। उन्होंने कहा, कोई भी अपनी निष्ठा और परिश्रम की बदौलत पार्टी में किसी भी मुकाम पर पहुंच सकता है। भाजपा का एक छोटा कार्यकर्ता भी मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री बन सकता है। देव ने कहा, 2028 के चुनाव (Election Mission 2028) की तैयारी में आगे बढ़ रहे हैं। यह भाजपा है, जो एक चुनाव खत्म होता है तो हम उसके परिणाम के बाद दूसरे चुनाव की तैयारी में जुट जाते हैं।

भाजपा में कार्यकर्ताओं का सम्मान होता है : पवन साय

पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा, भाजपा विचारधारा आधारित पार्टी है। भाजपा में नीति है, सिद्धांत है, लोकतंत्र है और अनुशासन भी है। कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं। साय ने संगठन के विस्तार के लिए कार्य करने एवं सरकार एवं संगठन के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर प्रकोष्ठ प्रभारी अवधेश चंदेल, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कण्डेय, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Updated on:
11 Jul 2026 01:40 pm
Published on:
11 Jul 2026 01:40 pm