
Chhattisgarh Rain Update: राजधानी रायपुर में गुरुवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। महज 20 मिनट की तेज बारिश में 23.4 मिमी पानी बरस गया, जिससे पूरे शहर का मौसम सुहाना हो गया। कई दिनों से गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली। बारिश के बाद अधिकतम तापमान गिरकर 32 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जिससे वातावरण में ठंडक महसूस की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) का असर अब पूरे छत्तीसगढ़ में दिखाई दे रहा है। इसी वजह से रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जा रही है। विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार और उसके बाद भी कई इलाकों में अच्छी बारिश जारी रह सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन दिनों तक छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। रायपुर सहित मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है, इसलिए लोगों को मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। शंकरगढ़ – 9 सेमी, कुसमी – 9 सेमी, चांदो – 8 सेमी, पटना – 6 सेमी, सामरी – 5 सेमी, बलरामपुर – 4 सेमी, दौरा कोचली – 4 सेमी, बोरई – 3 सेमी, बिहारपुर – 3 सेमी, कोटो – 3 सेमी, रामानुजनगर – 3 सेमी, मरवाही – 3 सेमी, अंबिकापुर – 3 सेमी इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य स्थानों पर 1 से 2 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई।
हालांकि हाल के दिनों में बारिश की रफ्तार बढ़ी है, लेकिन पूरे मानसून सीजन की बात करें तो छत्तीसगढ़ अभी भी सामान्य से पीछे है। अब तक प्रदेश में 261.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस समय तक 382.2 मिमी बारिश हो जानी चाहिए थी। यानी राज्य में अभी भी सामान्य से करीब 31 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।
रायपुर जिले में अब तक 303.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो जिले के सामान्य औसत के अनुरूप मानी जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में यदि मानसून इसी तरह सक्रिय रहा तो प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है।
लगातार हो रही बारिश से एक ओर लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर खरीफ फसलों की बुवाई और खेती-किसानी के लिए भी यह बारिश फायदेमंद मानी जा रही है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है।