रायपुर

छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय, कई जिलों में भारी बारिश के आसार

Monsoon Update Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है।
2 min read
Jul 02, 2026
Chhattisgarh Rain Update
दक्षिण-पश्चिम मानसून एक्टिव (photo source- Patrika)

Chhattisgarh Rain: दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरे छत्तीसगढ़ में पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा और बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई। अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में बनने जा रहे कम दबाव के क्षेत्र के कारण बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने के संकेत हैं।

CG Rain Update: रायपुर में बादलों का डेरा, बूंदाबांदी से मिली राहत

राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे। दिन चढ़ने के साथ उमस बढ़ने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि दोपहर बाद हुई हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहाना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। गुरुवार को भी राजधानी में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र

मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब से लेकर बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से तक एक मौसमी द्रोणिका (ट्रफ) सक्रिय है, जो समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भाग और उससे लगे दक्षिणी बांग्लादेश के ऊपर 1.5 से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई के बीच ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इसके प्रभाव से 3 जुलाई 2026 के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे छत्तीसगढ़ में वर्षा की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। साथ ही उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में भी समुद्र तल से लगभग 1.5 किलोमीटर ऊपर ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो प्रदेश में लगातार नमी पहुंचा रहा है।

सामान्य से अब भी 60 प्रतिशत कम बारिश

मानसून सक्रिय होने के बावजूद छत्तीसगढ़ में अब तक सामान्य से करीब 60 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग का मानना है कि अगले कुछ दिनों में होने वाली व्यापक बारिश से इस कमी में काफी हद तक सुधार हो सकता है।

Raipur Weather Today: प्रदेश में कहां कितना रहा तापमान

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में अधिकतम तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया- बलरामपुर-रामानुजगंज– 34.7°C, बिलासपुर – 34.0°C, जशपुर – 33.5°C, अंबिकापुर – 33.1°C, कोरबा – 32.9°C, दुर्ग – 30.6°C, जगदलपुर – 28.2°C बारिश के कारण बस्तर संभाग में तापमान अपेक्षाकृत कम दर्ज किया गया।

रायपुर का आज का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर में आज दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी 48 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं, जिससे किसानों के साथ-साथ आम लोगों को भी गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

Updated on:
02 Jul 2026 10:36 am
Published on:
02 Jul 2026 10:32 am