रायपुर

Monsoon 2026: अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, छत्तीसगढ़ के कई जिलों में दिखेगा असर, IMD का ताजा अपडेट जारी

Chhattisgarh Monsoon 2026: छत्तीसगढ़ में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों के लिए अगले 24 से 48 घंटे के दौरान भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
2 min read
Jul 02, 2026
Monsoon Alert
बारिश का अलर्ट: सांकेतिक इमेज (सोर्स- पत्रिका)

Monsoon 2026: छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों के लिए अगले 24 से 48 घंटे के दौरान भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान कई इलाकों में तेज बारिश, गरज-चमक, तेज हवाएं और वज्रपात की भी संभावना है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

अगले 24 घंटे इन जिलों में भारी से अति भारी बारिश

मौसम विभाग के रायपुर केंद्र के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान गरियाबंद, धमतरी, नारायणपुर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कांकेर जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं रायपुर, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बस्तर और सुकमा जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

अगले 48 घंटे भी जारी रहेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान दंतेवाड़ा, नारायणपुर और बीजापुर जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा गरियाबंद, धमतरी, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, दुर्ग, बालोद, बस्तर, कोंडागांव, सुकमा और कांकेर जिलों में भी भारी बारिश होने के आसार हैं।

जानें, चेतावनी के रंगों का क्या है मतलब?

  • लाल (Red): Warning (Take Action) - अति सतर्क रहें और आवश्यक कार्रवाई करें।
  • नारंगी (Orange): Alert (Be Prepared) - खराब मौसम की संभावना को देखते हुए पहले से तैयार रहें और सतर्कता बरतें।
  • पीला (Yellow): Watch (Be Updated) - मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखें और सावधानी बरतें।
  • हरा (Green): No Warning - फिलहाल किसी प्रकार की मौसम संबंधी चेतावनी नहीं।

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। जलभराव, सड़क फिसलन, दृश्यता कम होने और निचले इलाकों में जलभराव जैसी स्थितियां बन सकती हैं। साथ ही छोटे पुलों और रपटों पर पानी भरने की स्थिति में उन्हें पार करने का प्रयास न करें। गरज-चमक और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लें।

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए अगले दो दिन प्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Published on:
02 Jul 2026 03:40 pm