28 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दुर्ग में मानसून ने पकड़ी रफ्तार! अगले 5 दिन झमाझम बारिश के आसार, 40 किमी की रफ्तार से चलेगी हवा

Monsoon in Durg: मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश और 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है।
2 min read
Google source verification
Monsoon 2026

मानसून: Monsoon in Chhattisgarh (फोटो सोर्स: भाषा संवाद WhatsApp News Group)

Chhattisgarh Monsoon Update: लंबे इंतजार के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दुर्ग जिले में दस्तक दे दी है। शुक्रवार को दिनभर उमस और गर्मी के बाद शाम को झमाझम बारिश हुई। जिले में करीब 12 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि देर रात तक रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा।

जिले में सामान्य से 70 फीसद कम बारिश

मानसून की दस्तक के बावजूद जिले में अब तक बारिश का आंकड़ा सामान्य से काफी पीछे है। मौसम विभाग के अनुसार इस समय तक जिले में औसतन 113.9 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी, जबकि अब तक केवल 34.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यानी सामान्य से करीब 70 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। कम बारिश के कारण खेतों में बुआई के लिए पर्याप्त नमी नहीं बन पाई है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार खरीफ फसलों के लिए आगामी 10 दिन बेहद महत्वपूर्ण रहेंगे।

अगले पांच दिन गरज-चमक के साथ अच्छी वर्षा के संकेत, 40 किमी की रफ्तार से चल सकती है हवा

मौसम विभाग ने दुर्ग सहित मध्य छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती हैं। साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढऩे की आशंका को देखते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी तथा अगले पांच दिनों तक जिले में हल्की से मध्यम, कहीं-कहीं अच्छी बारिश होने की संभावना है।

पेड़ों के नीचे न रुकें, खुले मैदान से रहें दूर

मौसम विभाग ने गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, ऊंचे स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी है। हाल ही में बलरामपुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौत के बाद विभाग ने लोगों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है। खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।

प्रदेश के 80 फीसद हिस्से तक पहुंचा मानसून

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून फिलहाल छत्तीसगढ़ के लगभग 80 प्रतिशत हिस्से को कवर कर चुका है और अगले तीन से चार दिनों में पूरे प्रदेश में सक्रिय हो जाएगा। उत्तर राजस्थान से बिहार तक सक्रिय ट्रफ लाइन तथा दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण प्रदेश में बारिश की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। सरगुजा, बलरामपुर, जशपुर और बस्तर संभाग के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश के आसार हैं, जबकि रायपुर, दुर्ग, धमतरी और महासमुंद में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई गई है।