- प्रदेश में पहले 9135 हैल्थ केयर वर्कर्स को लगने थे टीके, मगर 5577 ही आए- सुकमा में सर्वाधिक 87 प्रतिशत, बलरामपुर में सबसे कम 36 प्रतिशत
रायपुर. प्रदेश में कोरोना के विरुद्ध शनिवार से टीकाकरण महाअभियान की शुरुआत हो गई। 15 दिन पूर्व से युद्धस्तर पर चल रही तमाम तैयारियों का ही परिणाम था कि बगैर किसी व्यवधान के पहले दिन का टीकाकरण पूरा हुआ। नक्सल प्रभावित जिला सुकमा, जहां चुनाव में वोटिंग प्रतिशत सबसे कम रहता है, वहां टीकाकरण के लिए हैल्थ केयर वर्कर्स में खासा उत्साह दिखा। यहां सबसे ज्यादा 87 प्रतिशत टीकाकरण हुआ जबकि बलरामपुर में सबसे कम। राजधानी रायपुर में 69 प्रतिशत टीकाकरण हुआ। रविवार को टीकाकरण नहीं होगा। सोमवार को होने वाले टीकाकरण के लिए रविवार शाम को एसएमएस भेजे जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक पहले दिन 9135 हैल्थ केयर वर्कर्स को टीके लगने के लिए एसएमएस किए गए। जिला सीएमएचओ कार्यालय से फोन भी हुए, मगर 5577 ही टीका लगवाने पहुंचे, जो नहीं पहुंचें उन्हें मॉपअप राउंड में टीके लगेंगे। मगर, इन्हें अपनी विभाग प्रमुख को न पहुंचने की वजह बतानी होगी। उधर, प्रदेश में पूरे दिन सिर्फ और सिर्फ कोरोना के टीके की ही चर्चा रही। स्वास्थ्य विभाग, डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ, जिला प्रशासन के अधिकारी पूरी तरह सक्रिय दिखे।
'नारी शक्ति' के हाथों टीकाकरण
प्रदेश में सभी टीकाकरण केंद्रों में टीका लगाने का जिम्मा नर्स, एएनएम को सौंपा गया। जिसे लेकर ये खासी उत्साहित दिखीं। रायपुर स्थित पं. जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के टीकाकरण केंद्र में वैक्सीनेटर ऑफिसर लक्ष्मी साहू को पहला टीका लगा। उनका साथ दिया एएनएम सलित ब्रम्हे ने। इन्होंने कहा कि यह हमारे प्रोफेशन की सबसे बड़ी उपलब्धि है, जो हम वैश्विक महामारी को रोकने वाला टीका लगा रहे हैं।
सर्वर डाउन हुआ तो ऑफलाइन पंजीयन करवाया
एम्स समेत प्रदेश के कई टीकाकरण केंद्रों में को-विन पोर्टल का सर्वर डाउन होने की वजह से थोड़ी देर के लिए प्रक्रिया रुकी रही। मगर, फिर विभाग ने तत्काल ऑफलाइन वेरीफिकेशन करने का निर्णय लिया। बाद में सभी की एंट्री की गई।
वैक्सीन सबसे कारगर हथियार
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा, सभी टीकाकरण केंद्रों में अच्छी व्यवस्था रही। मैंने हैल्थ केयर वर्कर्स के उत्साह को महसूस किया। यह नई शुरुआत है और वैक्सीन वायरस के विरुद्ध सबसे कारगर हथियार है। मगर, हमें नहीं भूलना चाहिए की सभी को टीका लगने में समय लगेगा। इसलिए पूर्व की तरह सतर्कता जरूरी है।
28 जिलों में टीकाकरण का प्रतिशत
जिला- लक्ष्य- पहुंचे- प्रतिशत
सुकमा- 285- 248- 87
रायगढ़- 400- 319- 80
बालोद- 290- 225- 78
सरगुजा- 501- 380- 76
बलौदाबाजार- 300- 219- 73
जशपुर- 278- 197- 71
जांजगीर चांपा-150- 105- 70
रायपुर- 500- 344- 69
बीजापुर- 237- 161- 68
कोरबा- 150- 99- 66
राजनांदगांव- 393- 251- 64
कबीरधाम- 300- 188- 63
दुर्ग- 500- 312- 62
महासमुंद- 293- 182- 62
बेमेतरा- 300- 179- 60
बिलासपुर- 600- 358- 60
धमतरी- 300- 175- 58
कोरिया- 300- 169- 56
कोंडागांव- 281- 154- 55
कांकेर- 300- 160- 53
गौरेला पेंड्रा मरवाही- 294- 152- 52
मुंगेली- 300- 153- 51
नारायणपुर- 97- 48- 49
गरियाबंद- 295- 143- 48
बस्तर- 672- 320- 48
दंतेवाड़ा- 269- 118- 44
सूरजपुर- 300- 129- 43
बलरामपुर- 250- 99- 36
(आंकड़े प्रतिशत में है।)