रायपुर

CG Weather Update: मानसून की बेरुखी से रायपुर तपा, 35 डिग्री पहुंचा तापमान, 15 जुलाई से बारिश के आसार

Chhattisgarh Monsoon Update: रायपुर में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से गर्मी और उमस बढ़ गई है। एक सप्ताह से बारिश नहीं होने के कारण तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
2 min read
Jul 14, 2026
CG Weather Update
रायपुर में मानसून की रफ्तार थमी (photo source- Patrika)

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। पिछले एक सप्ताह से बारिश नहीं होने के कारण शहर में गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। लगातार तेज धूप के चलते अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार, 14 जुलाई को भी बारिश की संभावना नहीं है, जबकि 15 और 16 जुलाई से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां फिर तेज हो सकती हैं।

Monsoon News 2026: एक हफ्ते से बारिश पर ब्रेक, बढ़ी उमस

4 और 5 जुलाई को हुई मूसलाधार बारिश के बाद राजधानी में बारिश लगभग थम गई है। पिछले पांच दिनों से बूंदाबांदी तक नहीं हुई, जिससे हवा में नमी तो बनी हुई है, लेकिन राहत देने वाली बारिश नहीं होने के कारण उमस लगातार बढ़ रही है। दिनभर तेज धूप और चिपचिपी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया।

35 डिग्री पहुंचा तापमान

सोमवार सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण दोपहर तक गर्मी का असर और बढ़ गया। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम में नमी अधिक होने से लोगों को वास्तविक तापमान से ज्यादा गर्मी महसूस हो सकती है।

प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां कमजोर

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं की गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में फिलहाल कोई मजबूत मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं है, इसलिए बारिश की गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं। यही वजह है कि मानसून की रफ्तार फिलहाल थमी हुई नजर आ रही है।

Weather News CG: 15-16 जुलाई से बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 और 16 जुलाई से बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई जिलों में फिर से अच्छी बारिश हो सकती है। यदि सिस्टम सक्रिय होता है तो राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

फिलहाल गर्मी और उमस से राहत नहीं

बारिश की वापसी तक राजधानीवासियों को तेज धूप, उमस और गर्म मौसम का सामना करना पड़ सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी ऐसे मौसम में पर्याप्त पानी पीने, धूप में लंबे समय तक रहने से बचने और जरूरी होने पर ही दोपहर के समय बाहर निकलने की सलाह दे रहे हैं।

Updated on:
14 Jul 2026 09:23 am
Published on:
14 Jul 2026 09:23 am