
IPL Match Raipur: छत्तीसगढ़ के नए रायपुर में शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेले गए IPL मुकाबले में क्रिकेट प्रेमियों को मैदान पर रोमांचक खेल जरूर देखने मिला, लेकिन स्टेडियम के भीतर मौजूद हजारों दर्शकों के लिए यह अनुभव कई परेशानियों से भरा रहा। Royal Challengers Bengaluru और Mumbai Indians के बीच हुए मुकाबले के दौरान खाने-पीने की वस्तुओं के मनमाने दाम, खराब नेटवर्क व्यवस्था और सुरक्षा में भारी लापरवाही ने दर्शकों की नाराजगी बढ़ा दी। करीब 60 हजार दर्शकों की मौजूदगी वाले इस हाई-वोल्टेज मैच में स्टेडियम के अंदर अव्यवस्था साफ दिखाई दी। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर अपनी नाराजगी जाहिर की।
दर्शकों का आरोप है कि स्टेडियम के अंदर पानी और खाने-पीने की वस्तुएं दोगुने-तीन गुने दाम पर बेची गईं। लोगों के मुताबिक सामान्य तौर पर 50 रुपये में मिलने वाली पानी की बोतल 150 रुपये तक में बेची गई। इसी तरह कोल्ड ड्रिंक, चिप्स, समोसा, सैंडविच और पिज्जा जैसी चीजों के दाम भी काफी ज्यादा थे।
कई दर्शकों ने वेंडर्स से बहस करते हुए वीडियो रिकॉर्ड किए, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। लोगों का कहना था कि भीषण गर्मी और ‘नो री-एंट्री’ नियम के कारण उन्हें मजबूरी में महंगे दामों पर सामान खरीदना पड़ा।
दर्शकों ने आरोप लगाया कि स्टेडियम के अंदर कहीं भी खाने-पीने की वस्तुओं की आधिकारिक रेट लिस्ट प्रदर्शित नहीं की गई थी। इसका फायदा उठाकर अलग-अलग वेंडर्स अपनी मनमर्जी से कीमत वसूल रहे थे। कई लोगों का कहना था कि यदि प्रशासन और आयोजकों की ओर से स्पष्ट रेट लिस्ट लगाई जाती तो इस तरह की स्थिति नहीं बनती। दर्शकों ने इसे उपभोक्ताओं के साथ अन्याय बताया।
मैच शुरू होने से पहले ही मोबाइल नेटवर्क व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई। आयोजकों ने दावा किया था कि भारी भीड़ को देखते हुए अस्थायी मोबाइल टावर लगाए गए हैं ताकि नेटवर्क की समस्या न हो, लेकिन वास्तविकता इसके उलट दिखाई दी। हजारों दर्शकों के मोबाइल फोन में इंटरनेट और नेटवर्क बंद हो गया, जिससे ई-टिकट वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कई लोगों के मोबाइल में QR कोड तक लोड नहीं हो पा रहे थे। इस वजह से प्रवेश द्वारों पर लंबी कतारें लग गईं और कई जगह अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। कुछ लोग बेहतर नेटवर्क की तलाश में स्टेडियम के बाहर इधर-उधर घूमते नजर आए।
मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में रही। बिना टिकट प्रवेश रोकने के लिए स्टेडियम के बाहर फेंसिंग और लोहे की जालियां लगाई गई थीं, लेकिन कई लोग इन्हें पार कर अंदर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मैच शुरू होने के कुछ देर बाद ही कुछ युवक तारों और जालियों पर चढ़कर स्टेडियम में घुसने लगे। सुरक्षा कर्मियों की संख्या कम होने के कारण भीड़ को नियंत्रित करने में दिक्कतें आईं।
अवैध तरीके से स्टेडियम में प्रवेश करने की कोशिश के दौरान एक युवक घायल भी हो गया। बताया जा रहा है कि जाली पार करते समय वह नीचे गिर पड़ा, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस इलाके से लोग अंदर प्रवेश कर रहे थे, वहां सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर थी। इसका फायदा उठाकर कई लोग बिना टिकट स्टेडियम के भीतर पहुंच गए।
मैच खत्म होने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों का गुस्सा खुलकर सामने आया। कई वीडियो और पोस्ट तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें लोग महंगे खाने, खराब नेटवर्क और अव्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि इतने बड़े आयोजन में दर्शकों के लिए मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। लोगों ने भविष्य में बेहतर प्रबंधन, उचित सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्था की मांग की है।
दर्शकों और स्थानीय लोगों ने आयोजन समिति और प्रशासन से पूरे मामले पर जवाब मांगा है। उनका कहना है कि लाखों रुपये खर्च कर मैच देखने पहुंचे लोगों को यदि मूलभूत सुविधाएं भी न मिलें तो यह गंभीर लापरवाही है। अब सवाल यह उठ रहा है कि भविष्य में ऐसे बड़े आयोजनों के दौरान दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे।