
विराट का क्रेज (फोटो सोर्स- पत्रिका)
IPL Match in Raipur: हिमांशु शर्मा. रायपुर में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच IPL का रोमांचक मुकाबला खेला जा रहा है। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। छत्तीसगढ़ समेत ओडिशा, राजस्थान और कई अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में फैंस अपनी पसंदीदा टीम को सपोर्ट करने पहुंचे।
स्टेडियम के बाहर और अंदर बॉलीवुड गानों पर फैंस झूमते नजर आए, जबकि “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। वहीं मुंबई इंडियंस के चौके-छक्कों पर चियर गर्ल्स के डांस ने दर्शकों का उत्साह और बढ़ा दिया।
पूरा स्टेडियम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के रंग में रंगा नजर आया। दर्शक RCB के झंडे और विराट कोहली के पोस्टर लेकर पहुंचे थे। स्टेडियम में लगातार “कोहली-कोहली” के नारे गूंजते रहे। कई फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों के पोस्टर लेकर पहुंचे थे। RCB फैन ग्रीष्मा शर्मा, श्वेता किरण और आकाश नायक विराट और RCB की जीत देखने रायपुर पहुंचे।
वहीं रायपुर की प्रिशा केसरवानी ने RCB की जीत के लिए श्रीकृष्ण-राधा की पेंटिंग वाला पोस्टर बनाया। कुछ फैंस प्रेमानंद महाराज के साथ विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की तस्वीर वाले पोस्टर लेकर भी स्टेडियम पहुंचे। वहीं एक फैन अपनी मां के नाम का पोस्टर लेकर स्टेडियम पहुंचा।
मैच को लेकर विराट कोहली और रोहित शर्मा के फैंस का अलग ही क्रेज देखने को मिला। महासमुंद से एक युवक पैर टूटने के बावजूद दोस्त के कंधे पर बैठकर स्टेडियम पहुंचा।
वहीं राजस्थान के पाली से मुंबई इंडियंस के जबरा फैन मनमोहन सिंह अपनी टीम को चीयर करने रायपुर पहुंचे। उन्होंने पूरी बॉडी को मुंबई इंडियंस के रंग में रंग रखा था। मनमोहन ने बताया कि वे साल 2022 से लगातार टीम के मैच देखने जा रहे हैं और अब तक देश-विदेश में 60 से ज्यादा मुकाबले देख चुके हैं। उन्होंने सूर्यकुमार यादव से मुलाकात कर अपने हाथ पर बनवाया गया उनका टैटू भी दिखाया था। उन्होंने बताया कि उनकी दीवानगी को देखते हुए उन्हें कई बार मैचों के टिकट आसानी से मिल जाते हैं। बॉडी पर टीम के रंग लगाने में उन्हें करीब 3 से 4 घंटे का समय लगता है।
मैच के दौरान छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) के फ्री पास की जमकर कालाबाजारी भी देखने को मिली। स्टेडियम के बाहर दलालों के गिरोह 4,000, 6,000 और 8,000 रुपए तक में टिकट बेचते नजर आए। इनमें ज्यादातर टिकट फ्री पास वाले बताए जा रहे थे। वहीं कई लोग ऑनलाइन खरीदे गए टिकट भी ऊंचे दामों पर बेचते दिखे।
पत्रिका के पास ब्लैक में टिकट बेचने वालों के कई सबूत मौजूद हैं। पुलिस जहां ब्लैक मार्केटिंग करने वालों पर कार्रवाई की बात कह रही थी, वहीं दूसरी ओर खुलेआम टिकटों की गड्डियां लेकर दलाल बिक्री करते नजर आए। इससे पुलिस की कार्रवाई और व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
IPL Match in Raipur: RCB-MI की भिड़ंत आज, स्टेडियम तक पहुंचने के लिए इस रूट प्लान को करें फॉलो, जाम से मिलेगी राहत...पढ़ें पूरी खबर
Updated on:
10 May 2026 09:08 pm
Published on:
10 May 2026 09:08 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
