
रायपुर पहुंचेगी अनुष्का शर्मा! RCB टीम ने लिया छत्तीसगढ़ी खाने का मजा, खिलाड़ियों ने कहा- घर जैसा एहसास(photo-patrika)
IPL 2026 Raipur: आईपीएल 2026 के रोमांच के बीच राजधानी रायपुर इन दिनों रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के रंग में रंगा नजर आ रहा है। टीम के खिलाड़ी सिर्फ मैदान पर ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, खानपान और परंपराओं से भी खासा प्रभावित दिखाई दिए।
रायपुर पहुंचने के बाद खिलाड़ियों ने स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लिया और छत्तीसगढ़ी लोक संगीत व नृत्य का आनंद उठाया। RCB ने इस बार आईपीएल सीजन के लिए रायपुर को अपना दूसरा होमग्राउंड बनाया है, जिसके चलते क्रिकेट प्रेमियों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
RCB टीम 8 मई को रायपुर पहुंची, जहां खिलाड़ियों का भव्य और पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया। टीम शहर के मायरा रिजॉर्ट में ठहरी हुई है। खिलाड़ियों के स्वागत के दौरान छत्तीसगढ़ी लोक संगीत, पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को पूरी तरह रंगीन बना दिया। विदेशी और भारतीय खिलाड़ियों ने स्थानीय संस्कृति में खास दिलचस्पी दिखाई।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी चखाया गया। टीम के कप्तान रजत पाटीदार समेत कई खिलाड़ियों ने कांदा भाजी, चरोटा भाजी और रागी से बने व्यंजनों की जमकर तारीफ की। गर्मियों में पिया जाने वाला बस्तर का प्रसिद्ध प्राकृतिक शरबत “तिखुर” भी खिलाड़ियों को बेहद पसंद आया। स्थानीय स्वाद और देसी खानपान का अनुभव खिलाड़ियों के लिए खास आकर्षण बना रहा।
RCB खिलाड़ियों ने सिर्फ भोजन ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध आदिवासी संस्कृति और हस्तशिल्प में भी रुचि दिखाई। उन्हें गोदना कला, स्थानीय हस्तशिल्प और चित्रकोट जलप्रपात के बारे में जानकारी दी गई। खिलाड़ियों ने प्रदर्शनी में मौजूद कला और सांस्कृतिक विरासत को काफी सराहा।
इस बार IPL 2026 में RCB ने रायपुर को अपना दूसरा होमग्राउंड बनाया है। टीम को यहां 10 मई को मुंबई इंडियंस और 13 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले खेलने हैं। रायपुर में मैचों को लेकर पहले से ही क्रिकेट फैंस में भारी उत्साह है। होटल, स्टेडियम और शहर के कई हिस्सों में IPL का माहौल देखने को मिल रहा है।
RCB के सीईओ राजेश मेनन ने रायपुर और छत्तीसगढ़ के लोगों की मेहमाननवाजी की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि रायपुर ने टीम का बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया है। उन्होंने कहा,“हम आरसीबी को ऐसे शहर में लाकर बेहद खुश हैं, जिसने हमें घर जैसा एहसास कराया है।”
RCB टीम के रायपुर दौरे ने खेल और संस्कृति का अनोखा संगम देखने को मिला। जहां एक ओर खिलाड़ी मैदान में मुकाबले की तैयारी कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर वे छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं को भी करीब से जान रहे हैं। स्थानीय लोगों के लिए भी यह मौका खास बन गया है, क्योंकि पहली बार इतने बड़े स्तर पर आईपीएल टीम और स्थानीय संस्कृति का मेल देखने को मिल रहा है।
Updated on:
10 May 2026 02:08 pm
Published on:
10 May 2026 02:08 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
