PM Modi in Raipur: PM मोदी ने कहा कुछ लोग संविधान की किताब का दिखावा करते हैं। सामाजिक न्याय के नाम पर घड़ियाली आंसू बहाते हैं। उन्होंने दशकों तक आप लोगों के साथ अन्याय किया है।
PM Modi in Raipur: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के मौके पर रजत महोत्सव का उद्घाटन किया। इस दौरान PM मोदी ने कहा कि हमारा छत्तीसगढ़ नक्सलवाद और माओवाद से मुक्त हो रहा है। नक्सलवाद की वजह से अपने 50-55 साल तक जो कुछ झेला वो पीड़ादायक है। कुछ लोग संविधान की किताब का दिखावा करते हैं। सामाजिक न्याय के नाम पर घड़ियाली आंसू बहाते हैं। उन्होंने दशकों तक आप लोगों के साथ अन्याय किया है।
माओवादी आतंक के कारण छत्तीसगढ़ के आदिवासी इलाके सड़कों से वंचित रहे। बच्चों को स्कूल नहीं मिले। बीमारों को अस्पताल नहीं मिले। जो थे, उन्हें बम से उड़ा दिया जाता था। डॉक्टरों और टीचर्स को मरा दिया जाता था। दशकों तक देश में शासन करने वाले आप लोगों को अपने हाल में छोड़कर वो लोग एयरकंडिशन कमरों में बैठकर जीवन का आनंद लेते रहे। मोदी अपने आदिवासी भाई-बहनों को हिंसा के खेल में बर्बाद होने के लिए नहीं छोड़ सकता था।
मोदी ने कहा कि वर्ष 2000 के बाद छत्तीसगढ़ में एक पूरी पीढ़ी बदल गई है, जिसने 2000 से पहले का दौर नहीं देखा। जब राज्य बना था, तब गांवों तक पहुंचना मुश्किल था। गांवों में सड़कें नहीं थीं। आज छत्तीसगढ़ के गांवों में सड़कों का जाल 40,000 किलोमीटर तक पहुंच गया है।
PM ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ के लोगों का जीवन आसान बने। आप की जीवन से मुश्किलें कम हो, इसके लिए सरकार काम कर रही है। जहां बिजली नहीं आती थी, वहां आज इंटरनेट तक पहुंच चुका है। कुछ परिवारों के लिए गैस सिलेंडर सपना होता था। अमीर के घर सिलेंडर आता था, तो गरीबों को लगता था कि मेरे घर यह कम आएगा। गैस कनेक्शन आज घर घर तक पहुंच गया है। अब पाइप के जरिए घर-घर तक सस्ती गैस पहुंचाने का संकल्प लिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य सेवा और ऊर्जा जैसे प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ी 14,260 करोड़ रुपये से अधिक की विकासात्मक और परिवर्तनकारी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
CM विष्णुदेव साय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ को बनाया। अब वर्तमान प्रधानमंत्री मोदी प्रदेश को संवार रहे हैं। CM विष्णुदेव साय ने कहा कि पहले पीएम मोदी प्रदेश के कोने-कोने में घूम चुके हैं। 14 हजार करोड़ के विकास कार्यों की घोषणा करेंगे। इसके पहले बिलासपुर में 35 हजार करोड़ के विकास कार्यों की घोषणा की थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर अटल नगर में एक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके साथ ही मोदी ने नवा रायपुर अटल नगर में शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया।
बता दें कि PM मोदी ने नवा रायपुर को प्रदेश की पहली सोलर-सिटी बनाने की बात भी कही। PM ने कहा- प्रधानमंत्री बनने के बाद, जब भी मैं दुनिया के विभिन्न देशों में गया हूं, मुझे हर जगह ब्रम्ह कुमारिस के लोग मिले हैं। इससे मुझे न केवल अपनेपन का अहसास होता है, बल्कि शक्ति का भी अनुभव होता है। मैं शक्ति का पुजारी हूं और यह अनुभव मेरे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इससे पहले पीएम मोदी एयरपोर्ट से निकलकर सत्य साईं हॉस्पिटल पहुंचे। इस दौरान रास्तेभर स्कूली छात्र और स्थानीय लोगों उनके स्वागत में खड़े रहे। पीएम मोदी सत्य साईं हॉस्पिटल पहुंचें और “दिल की बात” कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका, पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर, सत्य साईं के डायरेक्टर सी श्रीनिवास भी मौजूद रहे।
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ब्रह्माकुमारी संस्थान में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भाग लिए। दोपहर बाद प्रधानमंत्री मोदी राज्य की गर्व की पहचान बनने वाले नए विधानसभा भवन का लोकार्पण करेंगे। नवा रायपुर की आधुनिक पहचान को मजबूत करते हुए, वे यहां ट्राइबल म्यूजियम का भी उद्घाटन करेंगे, जो छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति और परंपरा को नई पहचान देगा।
प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध कलाकार पद्म विभूषण तीजन बाई के परिवार से बात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पद्म भूषण विनोद कुमार शुक्ल, प्रसिद्ध साहित्यकार, से भी फोन पर बातचीत की और उनके स्वास्थ्य व कुशलक्षेम की जानकारी ली।