रायपुर

Sulakshana Pandit Death: एक्ट्रेस-सिंगर सुलक्षणा के निधन पर CM साय ने जताया शोक, संजीव कुमार के प्यार में ताउम्र रहीं अकेली, 6 नवंबर को ही संयोग से दुनिया छोड़ी

Sulakshana Pandit Death: संगीत और अभिनय की दुनिया को अपनी मधुर आवाज़ और संजीदा अदाकारी से नई पहचान देने वाली अभिनेत्री सुलक्षणा पंडित का 71 वर्ष की आयु में निधन हो गया। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ की सांस्कृतिक मिट्टी में जन्मी सुलक्षणा ने सुरों की परंपरा को नई ऊंचाई दी। उनके निधन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक जताया है।

3 min read
Nov 07, 2025
एक्ट्रेस-सिंगर सुलक्षणा के निधन पर CM साय ने जताया शोक

Sulakshana Pandit Death: अभिनय के साथ गायिकी में अपनी पहचान बनाने वाली पिछली सदी के सातवें और आठवें दशक की अभिनेत्री सुलक्षणा पंडित का गुरुवार को निधन हो गया। वह 71 साल की थीं। छत्तीसगढ़ की बेटी सुलक्षणा पंडित के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शोक जताया है।

सीएम ने ट्वीट कर कहा, संगीत और अभिनय की उनकी यात्रा की जड़ें छत्तीसगढ़ के रायगढ़ की उस सांस्कृतिक मिट्टी से जुड़ी थी, जहां संगीत एक परंपरा नहीं एक जीवनधारा है। रायगढ़ की पुरानी बस्ती के रामगुड़ी पारा स्थित अशर्फी देवी महिला चिकित्सालय में जन्मी सुलक्षणा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रायगढ़ के पैलेस रोड स्थित शासकीय बालिका विद्यालय में प्राप्त की।

ये भी पढ़ें

बिलासपुर रेल हादसे के बाद मातम… CM, अरुण, भूपेश बघेल समेत इन नेताओं ने जताया शोक, इधर राज्योत्सव कार्यक्रम रद्द

Sulakshana Pandit Death: CM साय ने किया ट्वीट

सीएम साय ने कहा, सुलक्षणा के पिता प्रताप नारायण पंडित राजा चक्रधर सिंह के दरबार के प्रसिद्ध तबला वादक थे। उनके परिवार के लिए संगीत केवल एक कला नहीं, बल्कि जीवन का संस्कार था और सुलक्षणा जी ने उसी संस्कार को सुरों में ढालकर पूरी दुनिया तक पहुंचाया और छत्तीसगढ़ का नाम रौशन किया।

सीएम ने कहा, उनकी आवाज में सादगी थी, भाव था और इस मिट्टी की सुगंध थी। छत्तीसगढ़ उनकी इस अमर संगीत यात्रा को नमन करता है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति दें।

छत्तीसगढ़ में हुआ था एक्ट्रेस का जन्म

सुलक्षणा अपने पीछे संगीत और फिल्म दोनों की एक समृद्ध विरासत छोड़ गईं हैं। सुलक्षणा म्यूजिकल बैकग्राउंड फैमिली से आती हैं। उनका जन्म 12 जुलाई 1954 को छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में हुआ था सुलक्षणा के साथ-साथ परिवार की भी संगीत में गहरी जड़ें थीं। वह महान शास्त्रीय गायक पंडित जसराज की भतीजी थीं और प्रसिद्ध संगीतकार जोड़ी जतिन-ललित की बहन थीं।

Sulakshana Pandit Death: ताउम्र अकेली रहीं सुलक्षणा

पर्सनल लाइफ में सुलक्षणा ने कभी शादी नहीं की। उनके और अभिनेता संजीव कुमार के बीच एक अनकही कहानी रही जिसने उनके जीवन में गहरा प्रभाव छोड़ा। इसके अलावा, उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं और वित्तीय चुनौतियों का सामना भी करना पड़ा था। उनके जाने से फिल्म और संगीत जगत को एक युग-पुरानी आवाज और उपस्थिति खो गई है। उनकी मधुर आवाज, स्क्रीन-उपस्थिति और संवेदनशील प्रतिभा आज भी याद की जाएगी।

संजीव कुमार के प्यार में थीं सुलक्षणा

आपको बता दें कि 1975 में फिल्म उलझन के सेट पर सुलक्षणा पंडित को संजीव कुमार से प्यार हो गया। सुलक्षणा ने कथित तौर पर संजीव को शादी का प्रस्ताव दिया था, लेकिन उन्होंने हेमा मालिनी से प्यार होने के कारण शादी ठुकरा दी। हालांकि, जब संजीव हेमा से शादी नहीं कर पाए, तो उनका दिल टूट गया और उन्होंने अविवाहित रहने का फैसला कर लिया।

एक प्रमुख प्रकाशन को दिए गए पुराने साक्षात्कार में, सुलक्षणा ने संजीव कुमार के प्रति अपने प्रेम के बारे में बताया और बताया कि उन्होंने पहले कभी किसी से इतना प्यार नहीं किया जितना संजीव कुमार से किया। संजीव कुमार हृदय रोग से पीड़ित थे, लेकिन उनकी अत्यधिक शराब पीने की आदत ने उनकी परेशानी को और बढ़ा दिया। हृदय रोगी होने के बावजूद, वे लगातार शराब पीते रहे।

चूंकि उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं था, इसलिए डॉक्टर की चेतावनी के बावजूद संजीव ने शराब पीना जारी रखा और 6 नवंबर, 1985 को उन्हें एक गंभीर दिल का दौरा पड़ा और 47 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया। संजीव कुमार के निधन की खबर सुलक्षणा पंडित के लिए बहुत बड़ा सदमा थी, जो इस खबर से बेहद सदमे में थीं। वह डिप्रेशन में चली गईं और पूरी दुनिया से कट गईं थीं।

6 नवंबर को ही संयोग से दुनिया छोड़ी

संयोग की बात यह है कि संजीव कुमार का निधन भी 6 नवंबर को हुआ था। उन्होंने साल 1985 में दुनिया छोड़ी थी और ठीक 40 साल बाद, इसी दिन सुलक्षणा पंडित का भी निधन हुआ।

ये भी पढ़ें

Bilaspur Train Accident: डिप्टी CM साव से लिपट कर फफक पड़ी मां, बोली- मेरी बेटी को बचा लो साहब… बैज ने एक करोड़ मुआवजे की मांग की

Published on:
07 Nov 2025 05:26 pm
Also Read
View All

अगली खबर