Teacher Promotion: छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत व्याख्याता, व्याख्याता (एल.बी.) एवं प्रधान पाठक, पूर्व माध्यमिक शाला को प्राचार्य (टी संवर्ग), उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पद पर पदोन्नति देने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
Teacher Promotion: छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत व्याख्याता, व्याख्याता (एल.बी.) एवं प्रधान पाठक, पूर्व माध्यमिक शाला को प्राचार्य (टी संवर्ग), उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पद पर पदोन्नति देने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग, रायपुर में पदोन्नति समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक उपरांत कुल 1335 पदोन्नति आदेश जारी किए गए।
यह आदेश स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव से प्राप्त अनुमोदन के आधार पर जारी किए गए हैं। मंत्री ने कहा कि पदोन्नति एवं पदस्थापना की पूरी प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरती गई है और राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर कटिबद्ध है।
काउंसिलिंग प्रक्रिया के माध्यम से पदस्थापना की स्थिति इस प्रकार रही - कुल 1335 पदोन्नत प्राचार्यों में से 1222 ने संस्था चयन कर पदस्थापना सुनिश्चित की। शेष 113 में से 20 पदोन्नत प्राचार्य काउंसिलिंग में अनुपस्थित रहे, 20 ने पदोन्नति लेने से इंकार किया, 02 ने विद्यालय चयन से इंकार किया तथा 91 सेवानिवृत्त, मृत, निलंबित एवं अन्य श्रेणी में रहे।
इस प्रकार कुल 1222 व्याख्याताओं, व्याख्याता (एल.बी.) एवं प्रधान पाठकों को प्राचार्य (टी संवर्ग), उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पद पर पदोन्नति उपरांत पदस्थापना आदेश जारी कर दिए गए हैं।
मंत्री गजेन्द्र यादव ने स्पष्ट किया कि पात्र कर्मचारियों को काउंसिलिंग स्थल पर स्वयं संस्था का चयन करने का अवसर दिया गया। चयन उपरांत संबंधित अधिकारी ने चयनित स्थान पर पदस्थापना के लिए अपनी सहमति भी दी। मंत्री ने कहा कि इससे पदोन्नति प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाया गया है।