
रायपुर. पुलिस महानिरीक्षक योजना एवं प्रबंध जीपी सिंह ने आज अब्दुल कलाम शिक्षा गुणवत्ता मिशन के अंतर्गत गरियाबंद के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बारूका में अचानक पहुंचे तो स्कूल के शिक्षकों के बीच खतरे की घंटी बज गई। उन्होंने स्कूल कैंपस का निरीक्षण किया। इस दौरान सिंह ने स्कूली बच्चों से शिक्षा से संबंधित प्रश्न पूछे।
विद्यार्थियों ने अपने बीच उच्चाधिकारी को पाकर अभिभूत महसूस किया। उन्होंने कक्षा 6वीं, 7वीं एवं 8वीं के विद्यार्थियों का बौद्धिक विकास जानने की कोशिश की। इस कड़ी में कक्षा ८वीं के एक छात्र से गणित से संबंधित 15 का पहाड़ा पूछा।
उस छात्र ने बड़ी ही निडरता के साथ 15 के पहाड़े को बिना रुके सही-सही पढ़ा। उक्त छात्र के आत्मविश्वास और प्रतिभा से प्रभावित होकर सिंह ने तत्काल छात्र को पुरस्कार स्वरूप पेन, पेंसिल, कॉपी और चॉकलेट आदि से पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया। आईजी ने कहा कि ये बच्चे भविष्य का कर्णधार है। इनके समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास करते रहना चाहिए। उनके विकास से ही भारत का विकास है। देश सही मायने में तभी आगे बढ़ेगा तब आने वाली पीढिय़ों का सही से विकास किया जा सकेगा। विद्याथियों को निरंतर रचनात्मकता के साथ आगे बढऩा चाहिए। बौद्धिक विकास को लेकर कई प्रतियोगिता भी आयोजित किए जाते रहने चाहिए।
प्रतिभा एवं कौशल पर फोकस
इस अवसर पर विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं कौशल से उन्हें अवगत कराया। समस्त विद्यार्थियों को उनके बौद्धिक विकास एवं शारीरिक विकास से संबंधित मूल मंत्र की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इसे निरंतर जारी रखने का मूल मंत्र भी दिया। अंत में स्कूल प्रबंधन एवं विद्यार्थियों ने सिंह का आभार व्यक्त किया गया। बता दें कि सिंह अपनी शैली के लिए काफी जाने जाते हैं। वे निरंतर सामाजिक कार्यों में भाग लेते रहते हैं। रायपुर में भी रहते हुए उन्होंने कई रचनात्मक कार्य किए। इस वजह से पुलिस विभाग में उनकी एक अलग ही पहचान है। कई सुधार कार्य भी किए हैं।