रायपुर

मायके आई महिला ने महानदी में लगाई छलांग! ब्रिज पर मिली स्कूटी और दुपट्टा… 2 माह की है बेटी

Raipur News: आरंग इलाके में एक विवाहिता रहस्यमयी ढंग से गायब हो गई है। वह सुबह अपने घर से स्कूटी लेकर निकली थी। इसके बाद से घर नहीं लौटी।
2 min read
Aug 19, 2025
नदी में कूदने की आशंका (फोटो सोर्स- पत्रिका)
नदी में कूदने की आशंका (फोटो सोर्स- पत्रिका)

CG News: आरंग इलाके में एक विवाहिता रहस्यमयी ढंग से गायब हो गई है। वह सुबह अपने घर से स्कूटी लेकर निकली थी। इसके बाद से घर नहीं लौटी। उसकी स्कूटी पारागांव-घोड़ारी महानदी पुल पर खड़ी मिली। पुल की रैलिंग में उसका दुपट्टा भी बंधा मिला है। इससे आशंका जताई जा रही है कि महिला ने नदी में कूदकर अपनी जान दे दी है। देर शाम तक नदी में उसकी तलाश की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चला।

पुलिस के मुताबिक पारागांव निवासी स्वाति त्रिवेदी (27) सोमवार को सुबह करीब 5 बजे अपने घर से स्कूटी लेकर निकली थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी तो उनके परिजन उन्हें ढूंढऩे निकले। आसपास उनका कुछ पता नहीं चला।

मोबाइल भी नहीं चलाती

महिला के मायके वालों का कहना है कि स्वाति के पास मोबाइल नहीं है। घर के सीसीटीवी फुटेज में वह सुबह-सुबह स्कूटी लेकर जाते हुए दिखी है। मंगलवार सुबह नदी के पास फिर उनकी तलाश की जाएगी। आरंग टीआई राजेश सिंह का कहना है कि पुल पर महिला की दोपहिया मिली जरूर है। किसी ने महिला को नदी में कूदते हुए नहीं देखा है। इसलिए मामला अभी स्पष्ट नहीं है।

मामला खुदकुशी का है या कुछ और? साफ नहीं

महानदी पुल के किनारे स्कूटी खड़ी मिली। उसमें चाबी लगी थी। वहीं पर रैलिंग में उसका दुपट्टा भी बंधा मिला है। इससे महिला के नदी में कूदने की आशंका जताई जा रही है। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम भी पहुंची। पुल के आसपास महिला की तलाश की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चला। आसपास के इलाकों में भी उनकी पतासाजी की गई। देर शाम तक कुछ सुराग नहीं मिला। इसलिए मामला खुदकुशी का है या कुछ और? यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।

साल भर पहले हुई शादी

स्वाति पारागांव की रहने वाली है। उसकी शादी करीब साल भर पहले रायपुर के संतोषी नगर निवासी अजय त्रिवेदी से हुई थी। उनकी दो माह की बेटी है। स्वाति रक्षा बंधन में अपने मायके आई थी। इसके बाद तीजा मनाने के लिए रुकी थी। बताया जाता है कि रविवार को उनके पति व सास-ससुर पारागांव आए थे। इसके बाद रात को सभी रायपुर लौट आए। किसी तरह के वाद-विवाद के बारे में भी कुछ पता नहीं चला। स्वाति के अचानक गायब होने से उसकी दो माह की बेटी अकेली है।

Updated on:
19 Aug 2025 10:04 am
Published on:
19 Aug 2025 10:04 am