
Raisen News :मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के अंतर्गत आने वाले बेगमगंज के सागर रोड पर बीड़ी ब्रांच के ठीक सामने शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में स्पोर्ट्स बाइक सवार दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दो डंपरों के बीच चल रही बाइक अचानक एक डंपर की चपेट में आ गई। हादसा इतना भयावह था कि, दोनों बाइक सवारों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि, दोनों बाइक सवार स्पोर्ट्स बाइक क्रमांक एमपी 05 एमई 5436 पर सवार थे। इसी दौरान भोपाल की ओर जा रहे दो डंपरों के बीच उनकी बाइक आ गई। अचानक हुई टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार डंपर के दाहिने तरफ के पहियों की चपेट में आ गए। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि, एक युवक का सिर पहिए के नीचे आने से पूरी तरह कुचल गया है। जबकि दूसरे को भी गंभीर चोटें लगीं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी लगते ही प्रशासनिक अमला और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। एसडीएम प्रियंका भलावी, एसडीओपी सोनाली गुप्ता, टीआई राजीव उईके और तहसीलदार प्रमोद उईके समेत पुलिस बल ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति संभाली। पुलिस ने यातायात व्यवस्था बहाल कराते हुए दोनों मृतकों के शव 108 एंबुलेंस की मदद से मर्चुरी भवन पहुंचाए गए।
हादसे में शामिल डंपर का पंजीयन नंबर एच आर 58 ई 6580 बताया जा रहा है, जो हरियाणा में पंजीकृत है। मृतकों के पास से एक मोबाइल फोन मिला है, जिसके आधार पर पुलिस उनकी पहचान और परिजन की जानकारी जुटाने में लगी है।
इस दर्दनाक हादसे ने इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल, मृतकों की पहचान और दुर्घटना के कारणों को लेकर पुलिस की जांच में जुट गई है। दोनों मृतकों की पहचान और हादसे के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजन के सुपुर्द किया जाएगा।