राजगढ़

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से चिट्ठी, PM मोदी और CM मोहन यादव के लिए लिखे अपशब्द

Lawrence Bishnoi Gang: व्यापारी की दुकान के बाहर ‘लॉरेंस बिश्नोई गैंग’ के नाम से आपत्तिजनक चिट्ठियां मिलने से सनसनी फैल गई। चिट्ठियों में बड़े नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है।
2 min read
Mar 18, 2026
Abusive Language used for PM Modi and CM Mohan Yadav in Letters of Lawrence Bishnoi Gang rajgarh mp news
Businessman receives threatening letter addressed to the Lawrence Bishnoi Gang MP News (फोटो- ANI)

MP News: मध्य प्रदेश के ब्यावरा शहर में उस समय सनसनी फैल गई जब एक व्यापारी की दुकान के बाहर लॉरेंस बिश्नोई गैंग (Lawrence Bishnoi Gang) के नाम से लिखी हुई चिट्ठियां मिलीं। यह मामला मंगलवार सुबह का बताया जा रहा है। जैसे ही इस घटना की जानकारी लोगों तक पहुंची, पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बन गया और लोग तरह-तरह की आशंकाएं जताने लगे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चिट्ठियों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

व्यापारी को भेजी गई चिठ्ठी

जानकारी के अनुसार, नगरपालिका कार्यालय के सामने स्थित बंटी पालीवाल की दुकान के बाहर ये चिट्ठियां पड़ी हुई मिलीं। रोज की तरह जब व्यापारी सुबह अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि दुकान के बाहर तीन से चार अलग-अलग कागज पड़े हुए हैं। शुरुआत में उन्हें यह सामान्य कागज लगे, लेकिन जब उन्होंने इन्हें उठाकर पढ़ा, तो उनके होश उड़ गए। चिट्ठियों में देश के प्रमुख नेताओं और अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया था।

प्रधानमंत्री, सीएम सहित डीजीपी और कलेक्टर के लिए लिखे अपशब्द

इन चिट्ठियों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सीएम मोहन यादव, डीजीपी कैलाश मकवाना और राजगढ़ जिले के कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के लिए अपशब्द लिखे गए थे। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हर चिट्ठी के अंत में लॉरेंस विश्नोई गैंग का नाम लिखा हुआ था, जिससे मामला और अधिक गंभीर प्रतीत होने लगा।

व्यापारी ने बिना देरी किए इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने सभी चिट्ठियों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ये चिट्ठियां वहां किसने और कब रखीं।

पुलिस ने शुरू की जांच

इस पूरे मामले को लेकर शहर थाना प्रभारी वीरेंद्र धाकड़ ने बताया कि एक व्यापारी की दुकान के सामने इस तरह की चिट्ठियां मिली हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह किसी सिरफिरे व्यक्ति की हरकत लग रही है, लेकिन पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके। (MP News)

Published on:
18 Mar 2026 06:51 am