
Rajgarh Car Accident: मध्यप्रदेश के राजगढ़ में शुक्रवार को हुए एक हादसे ने एक परिवार की खुशियां तबाह कर दीं। जिस बेटे को माता-पिता ने अपनी गोद में खिलाया, उसके उज्जवल भविष्य के सपने देखे वो बेटा माता-पिता की आंखों के सामने ही दुनिया छोड़ गया। घटना जिले के खुजनेर क्षेत्र की है जहां आमला और चिडलावनिया के बीच तेज रफ्तार कार ने रोड किनारे बाइक लेकर खड़े परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में 6 साल के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि माता-पिता गंभीर रुप से घायल हुए हैं।
आमला रोड निवासी भगवान सिंह नागर अपनी पत्नी रीना और छह वर्षीय बेटे निर्भय नागर के साथ बाइक से पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमला गए थे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद परिवार बाइक से चिडलावनिया लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में किसी कारण से परिवार बाइक को रोड के किनारे पटरी पर उतारकर खड़ा था। तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि जब परिवार रोड किनारे खड़ा था तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित कार (MP09 AF 8253) ने तीनों को टक्कर मार दी। हादसे में निर्भय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता भगवान सिंह और मां रीना गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए शाजापुर रेफर किया गया है। माता-पिता को अभी बेटे निर्भय की मौत की जानकारी नहीं है और वो बार-बार बेटे के बारे में पूछ रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही खुजनेर पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद पीछे से आ रहे लोगों ने कार चालक और वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मृतक बालक का पोस्टमार्टम खुजनेर में कराया गया। हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है। बताया गया है कि निर्भय के पिता भगवान दास दो भाई हैं और दोनों भाइयों के बीच निर्भय एकलौता बेटा था।