
Rajgarh News :मध्य प्रदेश के राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र में आने वाली सुसनेर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक भेरूसिंह बापू गुरुवार को सड़क हादसे में घायल हो गए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ, जब विधायक भेरूसिंह अपनी कार से चौमहला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक स्कूटी सवार शख्स उनके सामने आ गया, जिससे दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के दौरान विधायक भेरूसिंह को गर्दन समेत शरीर में कई चोटें आई है। फिलहाल, उन्हें उपचार के लिए राजस्थान के चौमहला स्थित अस्पताल ले जाया गया है।
आपको बता दें कि, राजस्थान के चौमहला इलाके के निपानिया झाला फंटे पर गुरुवार शाम कार और इलेक्ट्रिक स्कूटर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार मध्य प्रदेश के राजगढ़ की सुसनेर सीट से कांग्रेस विधायक भेरूसिंह परिहार और स्कूटी सवार लालसिंह घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा - तफरी मच गई। हादसे के बाद राहगीरों ने दोनों घायलों को चौमहला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार, विधायक भेरूसिंह परिहार अपनी निजी कार से चौमहला से कुंडला की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान निपानिया झाला फंटे के पास उनकी कार की इलेक्ट्रिक स्कूटर से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन सवार घायल हो गए हैं। वाहनों की टक्कर के बाद घटना स्थल से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इधर, घटना की जानकारी लगते ही पुलिस भी चौमहला स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गई और मामले को संज्ञान में लिया।
चौमहला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने विधायक भेरूसिंह परिहार की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रैफर कर दिया है। वहीं, हादसे में घायल स्कूटी सवार दल की रुनडी गांव निवासी 26 वर्षीय लाल सिंह का चौमहला अस्पताल में उपचार जारी है। फिलहास, उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। विधायक के घायल होने की खबर फैलते ही अस्पताल में उनके प्रशंसकों की भीड़ जमा हो गई, जिन्हें नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल लगाना पड़ा।