
Rajgarh accident : रक्षाबंधन पर शुक्रवार सुबह राजगढ़ में दर्दनाक घटना घटी। लखनऊ से इंदौर की तरफ जा रही स्लीपर बस हादसे का शिकार हो गई। बस क्रमांक NL01 B 3436 जैसे ही ब्यावरा में भोपाल बायपास वाले ओवरब्रिज पर पहुंची तो टर्न पर तिरछी हो गई। तेज स्पीड में होने से बस कंट्रोल नहीं हो पाई और डिवाइडर से टकरा कर रगड़ती हुई चली गई। हादसे में बाईं ओर सो रहे 4 लोगों की मृत्यु हो गई जबकि 12 लोग घायल हो गए हैं। यूपी के रहनेवाले यात्री सोनू रस्तोगी ने बताया कि वे कुछ ही देर पहले बर्थ से उतर गए थे। बस रोकने को भी कहा, यदि बस रुक जाती तो 4 यात्रियों की जान बच सकती थी। सोनू ने कहा कि मुझे महाकाल ने बचा लिया।
स्लीपर बस क्रमांक NL01 B 3436 कोहिमा नागालैंड में रजिस्टर्ड है। योलोबस प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर इसका पंजीयन है। बताया जा रहा है कि स्लीपर बस की स्पीड कुछ तेज थी जिससे 90 डिग्री के घुमावदार ब्रिज से तिरछी हो गई।
बस में सवार सीतापुर यूपी के रहनेवाले सोनू रस्तोगी भी घायल हो गए। उन्होंने हादसे की पूरी कहानी बताई। 39 साल के सोनू रस्तोगी महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन जा रहे थे। उन्होंने बताया कि मैं आगे से तीसरी वाली ऊपर की बर्थ पर सो रहा था, जहां से कुछ लोग नीचे गिरे। मैं उनके बगल में था।
सोनू रस्तोगी ने बताया कि मैं पेशाब करने बर्थ से उतरा और गाड़ी रोकने को बोल रहा था तभी अचानक बस टकरा गई। कुछ लोग नीचे गिर गए और फिर बस भी पलटने सी लगी। बाद में गाड़ी रोड की तरफ हो गई। उन्होंने कहा कि मैं उज्जैन दर्शन करने जा रहा था, बाबा महाकाल ने बचा लिया, पेशाब करने नहीं उठता तो शायद…
मौके पर मौजूद पत्रिका रिपोर्टर लक्ष्मी नारायण यादव ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस लखनऊ से इंदौर जा रही थी। उसमें 18 सवारी रजिस्टर्ड हैं। एक यात्री को झांसी से बैठाया था।
इधर ड्राइवर गुड्डू ने बताया कि शिवपुरी से विकास गाड़ी चला रहा था, मैं आराम कर रहा था। शिवानी होटल पर मैंने गाड़ी रोकने बोला था पर उसने नहीं रोकी। थोड़ी देर बाद हादसा हो गया।
हादसे से रक्षाबंधन के त्योहार पर अपने घर जा रहे यात्री परेशान हो उठे। जान गंवाने वाले यात्रियों के परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने हादसे के कारणों और बस में सवार यात्रियों की संख्या सहित अन्य बिंदुओं की जांच शुरु कर दी है।