
Bittu Tabahi: मध्यप्रदेश के अजनार नदी में उतरकर कचरा निकालने वाले ब्यावरा के बिट्टू तबाही उर्फ सुरेंद्र सिंह चौधरी को नीदरलैंड्स की प्रसिद्ध पर्यावरण संस्था द ओशन क्लीनअप से नौकरी का ऑफर मिला है। समुद्रों और जलस्रोतों से प्लास्टिक प्रदूषण हटाने वाली इस वैश्विक संस्था के संस्थापक एवं सीईओ बॉयन स्लैट ने सोशल मीडिया पर बिट्टू के समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें साथ काम करने का न्योता दिया। शुक्रवार रात मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी बिट्टू से मुलाकात कर उनकी इस उपलब्धि पर सराहना की। हालांकि, स्थानीय अजनार बचाओ समिति ने बिट्टू के अकेले नदी साफ करने के दावों पर आपत्ति जताई है।
फरवरी में पत्रिका के स्वच्छता अभियान से प्रेरित होकर बिट्टू ने अजनार नदी की सफाई का बीड़ा उठाया था। शुरुआती दौर में आलोचनाएं झेलने के बावजूद वे अकेले नदी में उतरकर कचरा निकालते रहे और इसके वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए। धीरे-धीरे उनके इस प्रयास की चर्चा देशभर में फैल गई। प्रसिद्ध उद्योगपति आनंद महिंद्रा द्वारा सराहना किए जाने के बाद अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उनके काम को पहचान मिली है।
एक ओर जहां बिट्टू को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों से सराहना मिल रही है, वहीं स्थानीय स्तर पर इस पर विवाद भी शुरू हो गया है। अजनार बचाओ समिति के प्रतिनिधि राम भील का कहना है कि समिति पिछले छह वर्षों से लगातार नदी सफाई के कार्य में लगी हुई है, जिसमें कई सामाजिक संगठन और शहरवासी जुड़े हैं। उनका तर्क है कि बिट्टू ने पिछले कुछ महीनों में उनके साथ मिलकर काम किया है, इसलिए अकेले नदी साफ करने का दावा तथ्यात्मक रूप से गलत है।