
Rajgarh Newborn Girl Case: नवरात्र में कन्या पूजन और मातृशक्ति की आराधना का दौर चल रहा है। इसी बीच मध्यप्रदेश के कुरावर में नवजात बालिका का शव नाले में मिलने से संवेदनाएं झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। नगर परिषद क्षेत्र के लसूड़िया रामनाथ स्थित वार्ड-2 के भील मोहल्ले में सरकारी स्कूल के पीछे बने नाले में रविवार दोपहर शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए नरसिंहगढ़ भेजा। अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बताया जाता है कि हाल ही में पांच बेटियों का जन्म विभिन्न अस्पतालों में हुआ, इसी बिंदू पर पुलिस विस्तृत जांच कर रही है।
रविवार दोपहर करीब 12 बजे कुछ बच्चे नाले के पास खेल रहे थे। इसी दौरान एक बच्चे ने पानी में तैरता नवजात का शव देखा और परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी जितेंद्र मवई और उप निरीक्षक कर्मवीर सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नवजात बालिका के शरीर पर गर्भनाल लगी हुई थी। शव की स्थिति के आधार पर जन्म के 24 घंटे से कम समय होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, जन्म के समय और मृत्यु के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा चिकित्सकीय जांच के बाद ही होगी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर को तीन प्रसूतियों और 18 अक्टूबर को दो प्रसूतियों ने बालिकाओं को जन्म दिया। यानी दो दिनों में पांच बालिकाओं के जन्म का रिकॉर्ड सामने आया है। हालांकि, इन प्रसवों और नाले में मिले शव के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच में अस्पताल के रिकॉर्ड सहित अन्य तथ्यों का सत्यापन महत्वपूर्ण होगा। इसकी विस्तृत जांच पुलिस अपने स्तर पर करेगी।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए नरसिंहगढ़ भेजा है। जानकारी के अनुसार, आवश्यक नमूने डीएनए और फोरेंसिक जांच के लिए भोपाल भेजे जाएंगे। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को नाले में किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा। फिलहाल मामले में किसी की संलिप्तता को लेकर कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पुलिस के अनुसार, अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है और आगे की स्थिति पोस्टमॉर्टम व जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी ।