
Rajgarh News : मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के अंतर्गत आने वाले खिलचीपुर में आयोजित शिविर के दौरान जल निगम से जुड़े पेय जल संकट का मुद्दा गरमा गया। ग्रामीण क्षेत्रों में पाइप लाइन बिछाने के बावजूद पानी नहीं पहुंचने की शिकायत पर राजगढ़ विधायक अमरसिंह यादव ने जल निगम के जीएम को जमकर फटकार लगा दी। खास बात ये है कि, शिविर में मौजूद लोगों के बीच जिस समय विधायक सिंह जीएम को फटकार लगा रहे थे, उस समय राजगढ़ कलेक्टर गिरीश कुमार मिश्रा भी वहां मौजूद थे।
शिविर के दोरान विधायक अमरसिंह यादव ने कहा कि, पूरे इलाके में पेयजल व्यवस्था की दिक्कत है और करीब 50 गांवों के लोग इस समस्या से परेशान हैं। इसके बावजूद जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय अधिकारियों की ओर से अलग - अलग जवाब दिए जा रहे हैं।
विधायक ने जीएम से कहा कि, 'मेरे सामने मेरा सरपंच गलत थोड़े ही बोल रहा है। पूरे जल निगम को तुमने बर्बाद कर रखा है। झूठ बोलते हो, अपनी गलती स्वीकार करो।' यही नहीं उन्होंने सवाल उठाया कि, जब पाइपलाइन बिछाने का काम हो चुका है और पूरा भुगतान भी कर दिया गया है तो लोगों तक पानी क्यों नहीं पहुंच पा रही है।
उन्होंने जल निगम के प्रबंधन पर ही सवाल उठाते हुए कहा कि, पूरे इलाके में पेयजल को लेकर परेशानी बनी हुई है, जो लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा से कहा कि, आपके सामने जीएम (यूके चौधरी) का ये व्यवहार है, आप ही सोचिए कि, आम लोगों से इनका व्यव्हार कैसा होगा?
इस दौरान एक ग्रामीण ने भी पानी नहीं मिलने की शिकायत करते हुए कहा कि, अगर संबंधित लाइन में पानी पहुंच रहा है तो वो इसके लिए कोई भी सजा भुगतने को तैयार है। ग्रामीणों की शिकायतों के बीच कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने भी हस्तक्षेप कर स्थिति समझाने का प्रयास किया।
शिविर में जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों के सामने जल निगम के कामकाज को लेकर हुई तीखी बहस चर्चा का विषय बनीं रही। ग्रामीणों का मुख्य सवाल यही था कि, पाइपलाइन बिछाने और भुगतान के बाद भी उन्हें पेय जल क्यों नहीं मिल रहा है।