
Rajgarh Saudi Riyal Fraud: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से लाखों रूपए की ठगी का मामला सामने आया है। जिले के ब्यावरा क्षेत्र में विदेशी नोट देने का झांसा देकर एक कपड़ा व्यापारी से 2.80 लाख रुपए की ठगी (Foreign Currency Fraud) का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले विदेशी करेंसी का नोट दिखाकर व्यापारी का भरोसा जीता और बाद में बड़ी रकम के बदले सऊदी नोट (रियाल) देने का लालच दिया। व्यापारी ने भरोसा कर अपनी जमा रकम आरोपी को सौप दी, लेकिन बदले में मिले बैग को खोलने पर उसके होश उड़ गए। बैग में नोटों की जगह कागज की गड्डियां रखी थीं। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सिटी पुलिस के अनुसार पीड़ित जकी अहमद पिता मुस्ताक हुसैन (29), निवासी नरसिंहगढ़ कपड़े की दुकान संचालित करता है। व्यापारी के साथ 2.80 लाख रुपए की ठगी हुई है। भारतीय करेंसी के बदले में सऊदी नोट देने का झांसा देकर ठगों ने व्यापारी को शिकार बनाया है। 27 अगस्त को रकम की व्यवस्था करने के बाद जकी ने सलिम से मोबाइल पर संपर्क किया। उसे भोपाल बस स्टैंड बुलाया गया। जकी ने वहां सलिम को 2.80 लाख रुपए नकद दिए। बदले में सलिम ने उसे एक बैग थमाया और कहा कि इसमें नोट रखे है। इसके बाद वह वहां से चला गया। कुछ देर बाद जकी ने बैग खोला तो उसमें नोटों के बजाए कागज की गड्डियां मिलीं। आसपास तलाश करने के बावजूद सलिम और उसका साथी नहीं मिले। इसी दौरान जकी का मोबाइल फोन भी पानी में गिरकर खराब हो गया। पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है।
पीड़ित के अनुसार 18 अगस्त की दोपहर एक व्यक्ति ग्राहक बनकर उनकी दुकान पर पहुंचा। उसने अपना नाम सलिम बताया और एक टी-शर्ट खरीदी। बातचीत में उसने जकी को दुबई का एक नोट दिखाया और उसकी कीमत पूछी। साथ ही बताया कि इस तरह के नोट को चलाया जा सकता है। जकी ने नोट की वास्तविक कीमत पता करने के लिए उसे भोपाल के पीरगेट स्थित एक दुकान पर दिया, जहां उसके बदले 2600 रुपए मिले। इनमें से 2200 रुपए उसने सलिम को वापस कर दिए। इससे दोनों के बीच भरोसा कायम हो गया। इसके बाद 20 अगस्त को सलिम दोबारा जकी से मिला। इस बार उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी था। दोनों ने एक बैग दिखाते हुए जकी को भरोसा दिलाया कि उसमें विदेशी करेंसी है और 2.80 लाख की रकम लेकर आरोपी फरार हो गए।