MP News: मृतका की पहचान 45 वर्षीय ललिता बाई के रूप में हुई है। घटना की जानकारी उस समय सामने आई जब कुछ ग्रामीण रोज की तरह पानी भरने के लिए कुएं के पास पहुंचे।
MP News: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर क्षेत्र के दोलाज गांव में एक महिला का शव कुएं में मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 45 वर्षीय ललिता बाई के रूप में हुई है। घटना की जानकारी उस समय सामने आई जब कुछ ग्रामीण रोज की तरह पानी भरने के लिए कुएं के पास पहुंचे। वहां उन्हें कुएं के पास एक साड़ी और जूते पड़े दिखाई दिए। शक होने पर जब ग्रामीणों ने कुएं के अंदर झांककर देखा तो उसमें एक महिला का शव नजर आया। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जैसे ही ललिता बाई का शव घर पहुंचा, परिवार में कोहराम मच गया। उनकी बेटी गायत्री मां का शव देखते ही बिलख पड़ी और शव से लिपटकर जोर-जोर से रोने लगी। रोते हुए उसने अपने पिता, दादा और दादी पर मां की हत्या का आरोप लगाया। उसने कहा कि उसकी मां को ससुराल पक्ष के लोग लंबे समय से परेशान करते थे और उसी कारण उनकी जान चली गई।
जानकारी के मुताबिक, ललिता बाई की शादी करीब 25 साल पहले दोलाज गांव के रोड़ीलाल दांगी से हुई थी। शादी के तीन साल बाद उनके बेटे का जन्म हुआ और दो साल बाद बेटी गायत्री पैदा हुई। बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि 22 वर्षीय बेटे की शादी एक महीने बाद होने वाली थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं और ललिता बाई भी उसी में व्यस्त थीं।
मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उन्हें प्रताड़ित किया जाता था। आए दिन विवाद और मारपीट की घटनाएं होती थीं। कई बार इस संबंध में थाने में शिकायत भी की गई थी। परेशान होकर ललिता बाई कई बार मायके चली जाती थीं, लेकिन बच्चों की चिंता के कारण समझौता कर वापस ससुराल लौट आती थीं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।