आवास निर्माण निरीक्षण
राजनांदगांव / खैरागढ़ . नगरीय क्षेत्र के वार्डो मे बन रहे प्रधानमंत्री आवास निर्माण का नगरपालिका सीएमओ पीएस सोम ने औचक निरीक्षण किया । इस दौरान शहर के सोनेसरार वार्ड पहुँचे सीएमओ सोम ने निर्माणाधीन सहित निर्माण कार्य प्रांरभ किए जा रहे आवास हितग्राहियों से निर्माण की जानकारी ली । सोनेसरार मे आवास के लिए हो रहे ले आऊट प्रक्रिया को सीएमओ ने खुद खड़ा होकर कराया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए ।
150 आवासो का निर्माण जारी
नगरपालिका अंतर्गत शहर के बीस वार्डो में 150 प्रधानमंत्री आवासो का निर्माण कार्य जारी है शहर भर मे शासन स्तर पर 700 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृति किए गए थे। जिसमें से फिलहाल 618 आवासो की स्वीकृति मिल गई है। इसके निर्माण प्रक्रिया के लिए शासन स्तर पर पहली किश्त के रूप में 1 करोड़ 13 लाख रूपये का फं ड भी नगरपालिका को प्राप्त हो गया है। इसी के साथ १५० आवासों का निर्माण प्रक्रिया भी प्रारंभ हो गया है।
4 मकान पूर्ण व 10 पूर्णता की ओर
नोडल अधिकारी प्रशांत शुक्ला ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहर में 4 मकान पूर्ण हो चुके है और दस मकान पूर्णता की ओर है। इसी तरह 150 मकानों की निर्माण प्रक्रिया प्रांरभ हो चुकी है जबकि आबादी पटटा वितरण के साथ साथ बाकी मकानों का निर्माण भी जल्द प्रारंभ कराया जा रहा है।
पूरी जानकारी लेकर कराए निर्माण
वार्डो मे निरीक्षण के दौरान सीएमओ सोम ने आवास के हितग्राहियों से आवास योजना की पूरी जानकारी लेकर आवास निर्माण कराने की बात कही । सीएमओ सोम ने बताया कि नियमो की जानकारी नही होने के कारण एक दो जगहो से शिकायते आई थी जानकारी के बाद सभी निर्माण शुरू करा दिए गए। हितग्राहियो से निर्माण की पूरी जानकारी समय समय पर कार्यालय मे नोडल अधिकारी को देने और दस्तावेजी प्रक्रिया समय पर पूरा करने के निर्देश दिए ताकि योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि हितग्राहियो को समय पर मिल सके।