
राजनांदगांव. सांसद अभिषेक सिंह ने राजनांदगांव में लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करने और लोगों से संवाद करने के लिए जन संवाद का कार्यक्रम आयोजित किया। अपने तरह के इस पहले दो दिनी कार्यक्रम के पहले दिन यहाँ लोगों की अच्छी खासी भीड़ उमडी़ और लोग अपनी शिकायतें लेकर आ रहे हैं।
निराकरण का काम हो रहा
राजनांदगांव के कलक्टोरेट प्रांगण में आयोजित सांसद जन संवाद कार्यक्रम में एक साथ जिलेभर के सभी शासकीय अधिकारियों की मौजूदगी में लोग सरकारी कार्यों में विलंब के अलावा सड़क, बिजली, रोजगार सहित कई प्रकार की सहायता और शिकायतों को लेकर पहुंच रहे हैं और अफसरों से मौके पर ही चर्चा कर उनके निराकरण का काम हो रहा है। सांसद अभिषेक सिंह, कलक्टर भीम सिंह, एडीएम जेके ध्रुव, जिला पंचायत सीइओ चंदन कुमार, संयुक्त कलक्टर रेणुका श्रीवास्तव लोगों के आवेदनों के निराकरण के लिए लगातार निर्देश जारी कर रहे हैं।
आ रहे ऐसे भी आवेदन
सेवानिवृत्ति के डेढ़ साल बीत जाने के बाद भी पेंशन प्रकरण का निराकरण की मांग आई। इस पर संबंधित विभाग के अफसर को बुलाकर मौके पर जानकारी ली गई। पता चला कि कुछ पुरानी रिकवरी के चलते पेंशन का निराकरण नहीं हो रहा है। तुरंत रिकवरी कर निर्धारण के निर्देश दिए गए।
वेतन नहीं मिल रहा
जन संवाद में घुमका थाने में पदस्थ रहे एक नगर सैनिक गंगाराम कोसरे ने शिकायत की कि जुलाई महीने में ड्यूटी पर रहने के दौरान वे दुर्घटनाग्रस्त हुए थे और उनकी कमर की हड्डी टूट गई थी। वे अवकाश पर रहे। इस बीच अगस्त महीने का ही वेतन दिया गया। इसके बाद नहीं दिया जा रहा है। उसके दो महीने के वेतन दिए जाने के निर्देश दिए गए।