196 बूथों में लोगों को इससे जागरूक करने 9 मशीने उपलब्ध कराई है
राजनांदगांव / खैरागढ़. ईवीएम मशीनो के साथ वीवीपैट की जानकारी लेने तहसील स्तर पर जारी प्रदर्शन में लोग बड़ी संख्या में जागरूकता दिखा रहे है। उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव के पूर्व लोगों को वीवीपैट मशीन ईवीएम की कार्यप्रणाली से अवगत कराने निर्वाचन विभाग खैरागढ़ विधानसभा में तहसील स्तर के 196 बूथों में लोगों को इससे जागरूक करने 9 मशीने उपलब्ध कराई है।
१२ सितंबर तक होगा प्रदर्शन
23 अगस्त से 12 सिंतबर तक तहसील स्तर पर खैरागढ़ विधानसभा के 99 और डोंगरगढ़ विधानसभा के 96 बूथों में इसका प्रदर्शन कर लोगों को ईवीएम के प्रति जागरूक करने शिविर लगाकर मशीनों का प्रदर्शन किया जा रहा है। गांव के पंचायत भवनो और स्कूलों में मशीन का प्रदर्शन कर लोगों को इससे अवगत कराया जा रहा है। ईवीएम वीवीपैट मशीनों को इस दौरान लोगों के सामने रख इसमें दिए जाने वाले मत और उसकी वास्तविकता देखने लोगों से मशीन का प्रयोग कराया गया। प्रदर्शन आगामी 12 सिंतबर तक चलेगा।
रोजाना 27 बूथों में पहुंच रही वीवी पैट
प्रदर्शन के पहले दिन से तहसील के 27 बूथों में ले जाकर 6 सौ से अधिक लोगों को बूथों, पंचायत भवनों में वीवीपैट मशीन की प्रक्रिया से अवगत कराया जा रहा है। लोगों को ईवीएम में बटन दबाने के बाद वीवीपैट मशीन की प्रक्रिया दिखाई जा रही है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि वोट डालने के बाद मतदाता को अगले सात सेेकंड तक अपना दिया गया मत मशीन में स्पष्ट दिखाई देगा ताकि मतदाता अपने मत को लेकर पूरी तरह संतुष्ट हो जाए। निर्धारित गांव के स्कूल भवन पंचायत भवन में निर्वाचन शाखा की 9 टीमे रोजाना दस्तक दे रही है। प्रत्येक बूथों में रोजाना 50 से अधिक लोगों को ईवीएम वीवीपैट का संचालन कर कार्यवाही दिखाई जा रही है।
8 टीमें संभाल रही जागरूकता अभियान
ईवीएम वीवीपैट का प्रदर्शन करने प्रशासन ने 60 अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम तैयार की है जिसमें 8 मास्टर टे्रनर्स है इसके साथ हर बूथ के लिए सहायक भी नियुक्त किए गए है। मास्टर ट्रेनर्स में लखन यादव, एलआर नेताम, फगवा साहू, राजेश देशलहरा, विजय झा, योगेश सिंह मनसूख वर्मा, रामकुमार बख्शी शामिल है। बूथों में पहुंच रही मास्टर टे्रनर्स टीमों की संख्या नौ है। पिछले चार दिनों में सौ से अधिक बूथो, पंचायत भवनों में इसका प्रदर्शन कर 5 हजार से अधिक लोगों को इसकी कार्यवाही दिखाई जा चुकी है।
लोगों को जानकारी दी जा रही है
एसडीएम खैरागढ़, सीपी बघेल ने कहा कि ईवीएम वीवीपैट मशीनों का प्रदर्शन और जागरूकता अभियान चलाने मतदान केन्द्रो, बूथों, पंचायत भवनों, स्कूलों में इसका प्रदर्शन जारी है। इसमें कोई भी मतदाता आकर वीवीपैट की पूरी जानकारी ले सकता है। जागरूकता बढ़ाने के साथ लोगों को इसकी जानकारी दी जा रही है।