राजनंदगांव

प्रसव पीड़ा में भर्ती महिला रात में निकल गई, रामपुर में बेसुध अवस्था में मिली

अस्पताल में मौजूद परिजन को भी नहीं लगी खबर, ग्रामीणों ने फिर कराया भर्ती
2 min read
• •
Updated: 27 Jun 2018, 3:27 PM IST
system
प्रसव पीड़ा में भर्ती महिला रात में निकल गई, रामपुर में बेसुध अवस्था में मिली

राजनांदगांव. प्रसव पीड़ा से कराहती मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती हुई महिला सोमवार रात करीब ९ से १० बजे के बीच अस्पताल से निकल गई। हैरत की बात है कि वह पैदल ही डोंगरगांव रोड में मुहंभट्टा-रामपुर के पास चली गई। वहां सड़क किनारे बेहोशी की हालत में ग्रामीणों को दिखी। ग्रामीणों उसे फिर अस्पताल पहुंचाया। इधर महिला की गायब होने की खबर से अस्पताल में हड़कंप मच गया था।

गनीमत रहा कि अस्पताल के बाहर महिला की प्रसव पीड़ा नहीं बढ़ी, नहीं तो यह जच्चा-बच्चा दोनों के लिए खतरनाक साबित हो सकता था। बहरहाल उस महिला की स्थिति ठीक है और डाक्टरों ने प्रसव के लिए कुछ और समय लगने की बात कही है, परंतु इस पूरे घटना क्रम से मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है।

ज्ञात हो कि ग्राम कविराज टोलागांव निवासी २८ वर्षीय महिला लता पारधी को प्रसव पीड़ा होने पर सोमवार सुबह परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टरों ने जांच और रिपोर्ट के अनुसार प्रसव में टाइम होने की बात कहकर उन्हें आराम करने की सलाह दी। उस महिला के साथ अटेंडर के रूप में उसकी सास परनिया बाई मौजूद है। रात में वार्ड की सफाई के समय उक्त महिला को वार्ड से बाहर होने कहा गया। वह बाहर गार्डों के लिए लगी कुर्सी में बैठ गई। तभी किसी ने उससे कहा कि ये आपके बैठने के लिए नहीं है। आप दूसरी जगह कुर्सी में बैठ जाइए। इतने में वह महिला वहां से उठी और सीधे बाहर निकल गई। इसके बाद वह डोंगरगांव रोड पहुंची और पैदल ही रामपुर की ओर निकल गई।

७५ सीसीटीवी कैमरे

ज्ञात हो कि अस्पताल के वार्ड व परिसर में ७५ सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। मुख्य गेट व बाहर परिसर में साइकिल स्टैंड की ओर दो-तीन कैमरे लगे हुए हैं।

पड़ी थी बेसुध

कमजोरी व थकान के कारण वह बेहोश हो गई। बेहोशी के हालत में वह रामपुर-मुहंभट्टा रोड में पड़ी थी। इस समय रात के १० बज चुके थे। कुछ ग्रामीणों की नजर पड़ी, तो एंबुलेंस के माध्यम से उस महिला को अस्पताल लाया गया।

सास ने दिया यह बयान

महिला के साथ अटेंडर के रूप में मौजूद सास परनिया बाई ने बताया कि लता छोटी-छोटी बात पर गुस्सा करती है। घर में भी यह कभी-कभी नाराज हो जाती है, तो इस तरह की हरकत करती है। बताया कि उसका बेटा बांस से टोकरी आदि बनाने का काम करते है। इन्हें एक और बच्चा है। यह दूसरी डिलवरी है।

चौबीस घंटे तैनात रहते हैं २० गार्ड

मेडिकल कॉलेज अस्पताल में २० गार्ड २४ घंटे सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात रहते हैं। तीन शिफ्ट में २०-२० गार्डों की तैनाती रहती है। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन हर महीने लाखों रुपए फूंक रहा है। इसके बाद जब वह महिला अस्पताल से निकली तो किसी को समझ नहीं आया। हालांकि गार्ड किसी भी मरीज या उनके परिजन को अस्पताल परिसर या बाहर टहलने से नहीं रोक सकता। ऐसे भी प्रेग्नेंट महिलाओं को डाक्टर टहलने की सलाह देते हैं। अस्पताल से निकली महिला की परिसर सहित आसपास तलाशी की गई, लेकिन वह नहीं मिली।

Published on: