कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने प्रदेश में भाजपा सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि यहां पर मुख्यमंत्री और मंत्रियों की नहीं चल रही है तो विधायकों की क्या चलेगी।
राजसमंद. शहर के भिक्षु निलयम में मंगलवार को कांग्रेस के होली स्नेह मिलन समारोह में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा प्रदेश और केन्द्र की भाजपा सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इनसे डरने की आवश्यकता नहीं है। जैकेट तो कभी टोपी बदलते हैं तो कभी सांप को हाथ में लेकर खिलाते हैं। क्या इसलिए प्रधानमंत्री बनाया था क्या। देश को विजन देना होगा कि कैसे गरीबी रेखा से लोगों को ऊपर उठा जाए, बेरोजगारों को नौकरी देने, किसानों की आय दुगनी करने और मातृशक्ति को सशक्त बनाने के लिए कार्य करने होंगे। उन्होंने कहा कि आपने नोट बदल दिए हम आपको बदल देंगे। राजस्थान में तो मुख्यमंत्री और मंत्रियों की नहीं चल रही तो एमएलओ की क्या चलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शह पर बीसलपुर से प्रतिदिन 8 करोड़़ की बजरी चोरी हो रही है। सरकार के मंत्री मुख्यमंत्री पर वादाखिलाफी का आरोप लगा रहे हैं। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर में घूम रहे हैं। पिछले 15 माह में कोई भी बड़ा काम या कोई घोषणा पूरी हो तो बताए। खान माफिया और भष्ट्राचार का बोलबाला है। उन्होंने कहा कि पर्ची सरकार किरोड़ी मीणा से नहीं बदलेगी। कांग्रेस ेक कार्यकर्ता संघर्ष करके बदलेंगे। कार्यकर्ताओं से कहा कि 36 कौम के पास जाकर उनके सुख दुख में भागीदार बनो। उनकी समस्याओं को सुना और उनका समाधाना कराओ। हमारी जो कमियां रही होगी उन्हें भूल कर फिर से एकसाथ जुटने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग अब तो त्यौहारों को अपना बता रहे हैं। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को चाहिए सभी त्यौहार उत्साह और भाईचारे के साथ मनाए। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सी.पी.जोशी ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने दौरों का शुभारंभ मेवाड़ की इस धरती से किया है। उन्होंने कहा कि चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए कांग्रेस को मजबूत करना होगा। इसके लिए भविष्य में होने वाले चुनावों में एकजुट होकर और व्यक्तिगत स्वार्थ को छोडकऱ कांग्रेस के उम्मीदवारों को विजय बनाना होगा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से देश के नेतृत्व में मेवाड़ के नेताओं का अहम योगदान रहा है। पूर्व जिलाध्यक्ष देवकीनंदन गुर्जर ने भी विचार व्यक्त कर कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कांग्रेस को मजबूत करने का आह्वान किया। इससे पहले कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हरिसिंह ने स्वागत उद्बोधन दिया। अंत में रेलमगरा प्रधान आदित्य प्रताप सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। होली स्नेह मिलन समारोह में कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन प्रवक्ता कुलदीप शर्मा ने किया। कार्यक्रम से पहले प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यालय भवन बनाया जाएगा। डॉ. जोशी ने कहा कि अगले साल होली स्नेह मिलन समारोह में भवन का शिलान्यास किया जाएगा। इसके लिए जमीन खरीदकर भवन बनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से इसमें सहयोग करने की भी अपील की।
कार्यक्रम में लोकसभा प्रत्याशी दामोदर गुर्जर, पूर्वमंत्री रामलाल जाट, पूर्वमंत्री लक्ष्मण सिंह रावत, विधानसभा प्रत्याशी नारायण सिंह भाटी, योगेन्द्र सिंह परमार, राकेश लाठा, श्याम सुंदर शर्मा, ब्रदीलाल जाट, प्रवीण जैन, यशवंत सिंह और नगर परिषद सभापति अशोक टांक आदि मंचस्थ रहे।
होली स्नेह मिलन समारोह में प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने मंच पर ठाकुरजी को गुलाल लगाकर कार्यकर्ताओं पर पुष्पवर्षा की। इसके पश्चात उन्होंने तेजल सुपर-डूपर…भजन पर मंचस्थ पदाधिकारियों के साथ मिलकर जमकर गमछा डांस किया। इस दौरान पांडाल में उपस्थित कार्यकर्ता भी अपने आप को नहीं रोक पाए। मंच पर कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा भी की।
नाथद्वारा की महिला कांग्रेस कार्यकर्ता और महिला सत्संग ग्रुप की महिलाएं लड्डू गोपाल को सिर पर लेकर फागुन के गीत गाती हुई कार्यक्रम स्थल पर पहुंंची। मंच पर ठाकुरजी को विराजित किया। इसके पश्चात उन्होंने जमकर होली के गीत और भजन गाए। इस दौरान कई महिलाओं ने डांस भी किया।