रामपुर

‘आने वाली नस्लें भी गरीबी में रहेंगी और बीड़ी बनाती रहेंगी?’ ओवैसी बोले- मुस्लिम युवाओं को नहीं मिला मंच, अब AIMIM देगी मौका

Muslim Political Representation: रामपुर में असदुद्दीन ओवैसी ने अखिलेश यादव और इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए मुस्लिमों से अपनी सियासी ताकत बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अब्दुल सिर्फ दरी नहीं बिछाएगा, बल्कि नेता, विधायक और सांसद भी बनेगा।
2 min read
• •
Oct 19, 2026
Asaduddin Owaisi
AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी (Photo-IANS)

Uttar Pradesh Politics News: उत्तर प्रदेश के रामपुर में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मुस्लिम युवाओं के नेतृत्व को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी किसी नेहरू, गांधी या यादव को अपना नेता नहीं बनाएगी, बल्कि युवा लड़के और लड़कियां नेतृत्व में आगे खड़े होंगे। ओवैसी ने कहा कि मुस्लिम युवाओं में दूसरे समुदायों के लोगों जितनी ही क्षमता है, लेकिन उन्हें आगे बढ़ने के लिए मंच नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम युवाओं को वह मंच दे रही है, जहां वे अपनी क्षमता दिखा सकते हैं।

अब्दुल अब विधायक और सांसद बनेगा- असदुद्दीन ओवैसी

असदुद्दीन ओवैसी ने रामपुर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। रविवार रात को नगर पालिका के मंसब अली स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित जनसभा में उन्होंने मुस्लिमों से अपना नेता खुद चुनने और राजनीतिक रूप से मजबूत बनने की अपील की। ओवैसी ने कहा कि अब्दुल अब दरी नहीं बिछाएगा, बल्कि नेता बनेगा, विधायक और सांसद बनेगा। उन्होंने कहा कि विरोधी नहीं चाहते कि मुस्लिम समाज से नेता आगे आएं। उनके मुताबिक, समाज को अपने अधिकारों के लिए खुद आगे आना होगा।

'क्या आने वाली नस्लें बीड़ी बनाती रहेंगी, या तरक्की की राह पर आगे बढ़ेंगी'

ओवैसी ने कहा कि केवल नारे लगाने से राजनीतिक मजबूती नहीं आएगी। इसके लिए लोगों को हर बूथ पर जाकर अपने वोट का इस्तेमाल करना होगा। उन्होंने कहा कि वह खुद नेता बनने नहीं, बल्कि लोगों को नेता बनाने आए हैं। उन्होंने कहा कि इत्तेहाद मजबूत होगा, तभी कामयाबी मिलेगी। उन्होंने गरीबी और रोजगार का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि क्या आने वाली नस्लें भी गरीबी में रहेंगी और बीड़ी बनाती रहेंगी, या तरक्की की राह पर आगे बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि नौजवानों को रोजगार और तनख्वाह नहीं मिल रही है। उनकी पार्टी चाहती है कि हर हकदार को उसका हक मिले।

आरएसएस, भाजपा और कांग्रेस पर हमला

जनसभा में ओवैसी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसका मकसद भारत को हिंदू राष्ट्र बनाना है। उन्होंने कहा कि वह भाजपा और आरएसएस के खिलाफ हैं। कांग्रेस को भी उन्होंने निशाने पर लिया। ओवैसी ने कहा कि दलित और आदिवासी भी कमजोर वर्गों में शामिल हैं। उनके मुताबिक, कमजोर तबकों को इंसाफ मिलेगा, तभी भारत मजबूत बनेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कमजोर वर्गों को और कमजोर किया जा रहा है और उनकी इबादतगाहों को नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने लोगों से अपने माता-पिता का ख्याल रखने, नेक इंसान बनने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील भी की।

2027 के चुनाव को लेकर क्या बोले ओवैसी?

रामपुर में साल 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर सवाल पूछे जाने पर ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी पूरी तैयारी में जुटी है। उन्होंने रामपुर में अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद जताई और कहा कि उन्हें सभी समाज के लोगों का समर्थन मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी किसी को अलग करने वाली नहीं है। सपा नेता आजम खां को लेकर पूछे गए सवाल पर ओवैसी ने कहा कि वह अल्लाह से दुआ करते हैं कि उनकी सभी तकलीफें और मुश्किलें दूर हो जाएं और उनके रास्ते आसान हों।

Updated on:
19 Oct 2026 09:14 am
Published on:
19 Oct 2026 07:44 am