
रवि सिन्हा की रिपोर्ट...
(रांची): राजधानी रांची से सटे पिठौरिया घाटी में बुधवार दोपहर को सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए रिम्स में भर्त्ती कराया गया है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पिठौरिया घाटी के कोइनार बेड़ा के निकट बस पलट गई। अनियंत्रित बस की चपेट में आने से एक मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही गई। हादसे में कई यात्रियों को गंभीर चोट लगी है। गंभीर रूप से घायल 15 यात्रियों को रिम्स में भर्त्ती कराया गया, जिसमें से चार-पांच लोगों की गंभीर स्थिति बताई गई है। एक घायल महिला का हाथ टूट कर अलग हो गया है, वहीं एक छोटी बच्ची को भी गंभीर चोट लगी है।
सडक पर सेल्फी ले रहा युवक भी आया चपेट में
बताया गया है कि यह बस कांके रोड से खुलकर प्रतिदिन भुरकुंडा जाती थी। हादसे के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घाटी में सड़क किनारे खड़ा मोटरसाइकिल सवार युवक सेल्फी ले रहा था, इसी दौरान तेज गति से आ रही यात्री बस की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अनियंत्रित बस के अचानक घाटी में पलट जाने से बस में सवार बैठे यात्रियों को कुछ समझने और संभलने का ही मौका नहीं मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों की सहयोग से पुलिस ने सभी घायलों को रिम्स में भर्त्ती कराया।
घायलों को मिला तुरंत इलाज
पिठौरिया घाटी में दुर्घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन की ओर से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और रिम्स प्रबंधन को सूचना दी गई। रिम्स प्रबंधन को सूचना मिलते ही तत्काल 27 जूनियर डॉक्टर समेत कई वरिष्ठ चिकित्सक मरीजों के अस्पताल पहुंचने के पहले ही इमरजेंसी वार्ड पहुंच गए और तत्काल सभी घायलों का इलाज प्रारंभ किया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सचिव भी रिम्स पहुंचे और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था को लेकर प्रबंधन के अधिकारियों के साथ बैठक की।