
Ratlam news:मधयप्रदेश के रतलाम शहर विंध्यवासिनी कॉलोनी में 19 अगस्त की तड़के ई-स्कूटी में हुए भीषण विस्फोट और आगजनी ने परिवार को उजाड़ दिया। हादसे में गंभीर रूप से झुलसी बिंदु कुंवर (36) ने इंदौर के अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। 13 दिन पहले उनकी 16 वर्षीय छोटी बेटी अंतिम की भी मौत हो चुकी थी। हादसे में बड़ी बेटी विजय लक्ष्मी (20) सुरक्षित है। मां-बेटी की मौत से परिवार में मातम के साथ आक्रोश भी फैल गया। शोक में डूबे परिजन, राजपूत समाज और करणी सेना के कार्यकर्ता माणक चौक स्थित वारिवो ई-स्कूटी शोरूम पहुंचे। यहां पर मां का शव रखकर प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए हादसे की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। करीब तीन घंटे चले प्रदर्शन के बाद ई-स्कूटी संचालक की ओर से पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने पर सहमति बनी। बताया जाता है कि इसमें 8 लाख रुपए का चेक और 2 लाख रुपए नकद शामिल हैं। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने पर सहमत हुए। मामले में दीनदयालनगर टीआई अनुराग यादव के अनुसार ई-स्कूटी संचालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
शहडोल: 29 मार्च को धनपुरी में चार्जिंग पर लगी ई-स्कूटी की बैटरी फटने से घर में आग लग गई। आग में बेटी की शादी का सामान, सोना-चांदी, नकदी, दो बाइक और ई-स्कूटी समेत घरेलू सामान जल गया।
छतरपुरः 30 मार्च को भेलसी गांव में चार्जिंग के दौरान ई-स्कूटी में आग लग गई। आग ने पास खड़ी दूसरी स्कूटी और साइकिल को भी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाई, लेकिन दो स्कूटी और एक साइकिल जलकर राख हो गई।
अनूपपुरः 22 अप्रेल को धनगवां गांव में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में अचानक धमाका हुआ और घर में आग लग गई। आग में फ्रिज, कूलर, वॉशिंग मशीन समेत लाखों का घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।
कटनी: 27 अप्रेल को कॉलेज जा रही छात्रा की चलती ई-स्कूटी में अचानक आग लग गई। सागर पुल पर अचानक स्कूटी आग का गोला बन गई। छात्रा ने समय रहते स्कूटी से कूदकर जान बचाई थी। हादसे से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
भोपालः मई में रचनानगर स्थित आवासीय परिसर में इलेक्ट्रिक स्कूटर में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने से पास खड़ी एसयूवी भी चपेट में आ गई। दमकल और लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
इंदौरः 9 मई को द्वारकापुरी क्षेत्र के ई-रिक्शा गोदाम में भीषण आग लग गई। रिपोर्ट के अनुसार आग बैटरी ब्लास्ट से शुरू हुई। देखते ही देखते कई ई-रिक्शा और बैटरियां जल गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया गया था।
प्रदर्शन के बाद करणी सेना और परिजनों ने जिलाधीश के नाम तहसीलदार कुलभूषण शर्मा को ज्ञापन सौंपा। इसमें उच्चस्तरीय फॉरेंसिक जांच, दोषियों पर कार्रवाई, संबंधित मॉडल की बिक्री पर रोक, इलाज का खर्च दिलाने तथा विजय लक्ष्मी को अनुकंपा नियुक्ति और आर्थिक सहायता देने की मांग की। तहसीलदार ने बताया कि बिंदु कुंवर झाबुआ जिले के पेटलावद क्षेत्र में आंगनवाडी कार्यकर्ता थीं।