Garuda Purana: गरुड़ पुराण में मनुष्य के जन्म से लेकर उसकी मृत्यु के पश्चात तक की बातों का वर्णन मिलता है। माना जाता है कि व्यक्ति के कर्मों से ही उसके अगले जन्म का निर्धारण होता है।
गरुड़ पुराण वैष्णव संप्रदाय का एक महत्वपूर्ण महापुराण है। गरुण पुराण में व्यक्ति के कर्मों का लेखाजोखा और पाप पुण्य की बातों का स्पष्ट उल्लेख मिलता है। गरुड़ पुराण के अनुसार व्यक्ति ने जीवन में जो कर्म किए होते हैं उसकी मृत्यु के बाद उसी के आधार पर स्वर्ग और नरक लोक की प्राप्ति होती है। वहीं गरुड़ पुराण में मनुष्य के अगले जन्म से जुड़ी बातों का भी जिक्र मिलता है। माना जाता है कि मनुष्य के कर्म ही निर्धारित करते हैं कि वह अगले जन्म में किस रूप में जन्म लेगा। तो आइए जानते हैं गरुड़ पुराण में अगले जन्म से जुड़े किन खास रहस्यों का जिक्र किया गया है...
गरुड़ पुराण के अनुसार माता पिता या संतान को दुखी करने वाले लोगों की अगले जन्म में धरती पर जन्म लेने से पहले ही उनकी गर्भ में मृत्यु हो जाती है।
मान्यता है कि जो लोग महिलाओं को शोषित करते हैं या उनका शोषण करवाते हैं, उन्हें अगले जन्म में भयंकर बीमारियों से पीड़ित होना पड़ता है। इसके अलावा जो व्यक्ति किसी दूसरी महिला के साथ संबंध बनाता है वह अगले जन्म में नपुंसक बनता है।
गरुण पुराण के अनुसार किसी की हत्या करके पेट पालने वाले, लूटपाट करने या पशुओं का शिकार करने वाले लोगों को अगले जन्म में किसी कसाई के हत्थे चढ़ने वाले बकरे का रूप मिलता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार किसी स्त्री की हत्या या गर्भपात करने वाले व्यक्ति को नरक की पीड़ा भोगने के बाद चंडाल योनि में जन्म मिलता है।
शास्त्रों के अनुसार गुरु को भगवान से भी ऊंचा दर्जा दिया गया है। ऐसे में जो व्यक्ति अपने गुरु का अपमान करता है उसे नरक में जगह मिलती है और अगले जन्म में वह जल के बिना ब्रह्मराक्षस के रूप में पैदा होता है।
धोखाधड़ी या छल-कपट करने वाले मनुष्य को अगले जन्म में गरुड़ पुराण के अनुसार उल्लू और किसी की झूठी गवाही देने वाले व्यक्ति को अगले जन्म में अंधेपन का शिकार होना पड़ता है।
(डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई सूचनाएं सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है। patrika.com इनकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ की सलाह ले लें।)
यह भी पढ़ें: ज्योतिष उपाय: शनिवार के दिन करें ये उपाय, शनिदेव की कृपा से जीवन के सभी संकट होंगे दूर