रीवा

Mauganj Crime: यूपी की महिला गैंग पकड़ाई, एक्सचेंज में चांदी की जगह सर्राफा व्यापारी को थमाए गिलेट के जेवर

Women Gang: सर्राफा व्यापारी से ठगी कर दो महिलाएं बस में सवार हो भाग रही थीं, पुलिस ने दोनों को पकड़ा और फिर उनकी निशानदेही पर दो महिलाओं और एक बदमाश को भी पकड़ा गया।
2 min read
Sep 06, 2026
Mauganj Women Gang
up women gang arest, पुलिस की गिरफ्त में महिलाओं की गैंग व उनका साथी (Source-Patrika)

Mauganj Women Gang: मध्यप्रदेश के मऊगंज में रविवार को पुलिस ने एक ऐसी महिलाओं की गैंग को पकड़ा है जो कि दूसरे प्रदेशों में घूमकर जेवरों की ठगी करती थी। इस गैंग ने सर्राफा व्यापारी को चूना लगाया था और चांदी के बदले गिलेट धातु के जेवर पकड़ाकर चंपत हो गई थी। हालांकि गैंग मऊगंज से भाग पाती इससे पहले ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। इस मामले में चार महिला सहित पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है जिनसे पूछताछ की जा रही है।

सर्राफा व्यापारी से की ठगी

सर्राफा व्यापारी नलेश सोनी पिता बुद्धसेन सोनी 22 वर्ष निवासी चंदेह थाना मऊगंज की दुकान में रविवार को चार महिलाएं ग्राहक बनकर आई थीं। महिलाओं ने 60 ग्राम चांदी के जेवर खरीदे जिसकी कीमत 14800 रुपए थी। महिलाओं ने उसके बदले सर्राफा व्यापारी को अपने पुराने चांदी के जेवर पकड़ा दिए और चांदी की कीमत उसमें समायोजित करने को बोला। इसके बाद महिलाएं वहां से चली गईं। जब व्यापारी ने महिलाओं के द्वारा दिए गए जेवरों की जांच कराई तो वो गिलेट धातु के निकले। इसके बाद तुरंत व्यापारी ने डायल 112 को सूचना दी।

पुलिस की गिरफ्त में यूपी की महिलाओं की गैंग

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी सुरेन्द्र कुमार जैन ने तत्काल सभी थानों को अलर्ट किया और महिलाओं की तलाश शुरू हुई। दो महिलाएं बस में सवार होकर भाग रही थीं जिनको पुलिस ने पकड़ लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से दो महिला सहित एक बदमाश को पकड़ा है। महिलाओं के कब्जे से पुलिस ने ठगे गए चांदी के जेवर, 180 ग्राम नकली चांदी के जेवर, चार मोबाइल जब्त किए हैं।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी

पकड़े गए आरोपियों में ललिता सोनी 42 वर्ष, प्रियंका सोनी 22 वर्ष, कु. गुंजा सोनी 18 वर्ष, रमिता चौरसिया 27 वर्ष, मोहचंद्र चौरसिया 24 वर्ष शामिल हैं। सभी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। उक्त महिलाओं ने जिस तरह से ठगी की वारदात को अंजाम दिया था उससे अन्य घटनाओं में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। उक्त महिलाएं अक्सर दूसरे प्रांतों में जाकर इस तरह से वारदातों को अंजाम देती थी। साइबर की मदद से पुलिस उनके द्वारा अंजाम दी गई दूसरी घटनाओं का पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है।

Updated on:
06 Sept 2026 08:01 pm
Published on:
06 Sept 2026 08:01 pm