
Gold Biscuit Fraud Case, एआई से बनाई गई सोने के बिस्किट्स की प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Chatgpt)
Mauganj Gold Biscuit Fraud Case: मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले में पुलिस ने सोने के बिस्किट के नाम पर पीतल के बिस्किट देकर ठगी करने वाले 5 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाश यूपी के रहने वाले हैं जिन्होंने गड़ा धन मिलने का झांसा देकर उसे सस्ते दाम पर बेचने का मैसेज सोशल मीडिया पर चलाया था। इस मैसेज को देखकर पन्ना जिले का रहने वाला एक व्यक्ति बदमाशों के झांसे में आ गया। बदमाश सोने के नाम पर पीतल के बिस्किट देकर पीड़ित से 3 लाख रुपये ठग कर ले गए थे लेकिन बचे हुए दो लाख रुपये के लालच में वो पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बदमाशों ने गड़ा धन मिलने का झांसा दिया और उसे सस्ते दाम में बिक्री करने का मैसेल सोशल नेटवर्किंग साइट में चलाया था। इस मैसेज को पढ़कर राहुल सिसौदिया निवासी देवेन्द्रनगर जिला पन्ना झांसे में आ गया। राहुल सिसौदिया ने बदमाशों से संपर्क किया तो आरोपी पप्पू उर्फ विक्रम बिंद व राजू उर्फ उमेश बिंद ने मिलने के लिए मऊगंज बुलाया। उन्होंने पीड़ित को सैंपल दिया, जिसकी जांच कराने पर वह असली निकला।
सैंपल असली निकलने के बाद आरोपियों ने 100-100 ग्राम सोने के 12 बिस्किट उनको दिए और पांच लाख रुपए में सौदा तय हो गया। तीन लाख रुपए पीड़ित राहुल सिसौदिया ने तुरंत आरोपियों को दे दिए और दो लाख रुपये का भुगतान करने के लिए समय मांगा। पीड़ित जब आरोपियों से लिए 12 बिस्किट अपने घर लेकर पहुंचा और जांच की तो वो सोने की जगह पीतल के निकले और उसे अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित तुरंत मऊगंज आया और शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित राहुल सिसौदिया की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को पकड़ने की योजना बनाई। पुलिस ने पीड़ित राहुल सिसौदिया के जरिए आरोपियों को फोन लगाकर बाकी बचे 2 लाख रुपये लेने के लिए बुलाया। बदमाश दो लाख रुपये के लालच में कार में सवार होकर मऊगंज आ गए। यहां पुलिस पहले से उनका इंतजार कर रही थी। पुलिस ने घेराबंद की तो आरोपी कार लेकर भागने लगे और डगडौआ के पास बदमाशों की कार पलट गई। कार के पलटने के बाद दो बदमाशों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि बस में बैठकर भाग रहे तीन अन्य बदमाशों को भी मऊगंज बायपास के पास से पकड़ा।
पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें विमल कुमार बिंद, सेमरी बहुगुड़ा जिला मिर्जापुर, आकाश कुमार बिंद निवासी दादर कला मिर्जापुर, भगवानदास बिंद निवासी तेलियानी मिर्जापुर, राजू उर्फ उमेश कुमार बिंद निवासी बरहटा जिला मिर्जापुर, पप्पू उर्फ विक्रम कुमार बिंद निवासी बघेलाखुर्द मिर्जापुर शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक कार व ढाई लाख रुपये भी जब्त किए हैं। पुलिस को शक है कि आरोपियों ने और भी लोगों के साथ ठगी की है और इसी कारण बदमाशों से पूछताछ की जा रही है।
Updated on:
04 Sept 2026 09:55 pm
Published on:
04 Sept 2026 09:55 pm
