
kalpana mishra case father hunger strike saturday deadline, आमरण अनशन पर बैठे कल्पना मिश्रा के पिता रामशिरोमणि मिश्रा मीडिया से बात करते हुए (Source-Patrika)
Rewa Kalpana Mishra Case: मध्यप्रदेश के रीवा में संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में 26 अगस्त को प्रसूता और नवजात की मौत का मामला अब और अधिक तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल धरना स्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनकी बात सुनी। करीब आधे घंटे तक चली बातचीत के बावजूद परिजन संतुष्ट नहीं हुए। पीड़ित पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की मौत नहीं, बल्कि हत्या हुई है और जिम्मेदार अधिकारियों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
धरना स्थल पर भावुक हुए पीड़ित पिता रामशिरोमणि मिश्रा ने कहा कि अस्पताल में डॉक्टरों की ड्यूटी तय करने की जिम्मेदारी डीन की होती है। इतनी बड़ी घटना के बाद भी डीन और दोषी चिकित्सकों के खिलाफ कोई एफआईआर या कार्रवाई नहीं होना न्याय के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने मांग की कि मामले में शामिल सभी दोषियों पर एफआईआर दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की जाए।
पीड़ित पिता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शनिवार तक उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो अप्रिय कदम उठा लूंगा। उन्होंने आगे कहा- 'मेरी बेटी चली गई लेकिन अभी तक हमें कोई आश्वासन नहीं मिला, सिर्फ जांच की बात कही गई। डिप्टी सीएम ने भी जांच का भरोसा दिलाया है, लेकिन डीन को हटाने या तत्काल कार्रवाई के संबंध में कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया है।' इसी बात से नाराज परिजन धरने पर डटे रहे और लगातार न्याय की मांग करते रहे।
मुलाकात के बाद उपमुख्यमंत्री बिना मीडिया से बातचीत किए वहां से रवाना हो गए। पत्रकारों ने कार्रवाई और पीड़ित परिवार की मांगों पर सवाल पूछने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। पीड़ित परिवार का कहना है कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, उनका धरना जारी रहेगा। वहीं संजय गांधी अस्पताल में जच्चा-बच्चा मौत मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों का विरोध भी लगातार तेज होता जा रहा है।
बता दें कि, रीवा के शासकीय संजय गांधी अस्पताल से गर्भवती महिला कल्पना मिश्रा का वीडियो सामने आया था, जिसमें वो बेहद दर्द भरे अंदाज में अपने पिता से मदद की गुहार लगाती नजर आ रही थी। वायरल वीडियो में वो अपने पिता से कहती दिख रही थी कि, 'उसे बचा लो ये लोग उसे मार देंगे।' हालांकि, किसी अनहोनी से अंजान गर्भवती का पिता उसे दिलासा देता और समझाता नजर आ रहा था। हालांकि, गर्भवती का संदेह सच में बदल गया और चंद मिनट बाद हुए ऑपरेशन के दौरान जच्चा और बच्चा दोनों की मौत हो गई थी।
Updated on:
04 Sept 2026 04:55 pm
Published on:
04 Sept 2026 04:53 pm
