
woman dies on her birthday, मृतका रश्मि की जीवित अवस्था की तस्वीर (Source-Patrika)
Mauganj Woman Death: मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले में एक महिला की मौत के बाद मायके पक्ष ने पति पर हत्या करने के आरोप लगाए हैं। घटना हनुमना थाना क्षेत्र की है। 40 वर्षीय महिला व उसके बेटे को गंभीर हालत में मऊगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई जबकि बेटे को गंभीर हालत में जबलपुर रेफर किया गया है।
मृतका के भाई धर्मेंद्र ने बताया कि रश्मि (40) की शादी करीब 13 साल पहले मसूरिया गांव के रहने वाले अरविंद द्विवेदी से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही अरविंद रश्मि को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा था। रश्मि और अरविंद के दो बच्चे हैं जिनमें 14 साल का बेटा व छोटी बेटी है। भाई धर्मेन्द्र के मुताबिक रश्मि का बुधवार को जन्मदिन था, जिस दिन जन्मदिन की खुशियां मनाई जानीं थी उसी दिन बच्चों से मां का हाथ हमेशा के लिए छिन गया।
बताया गया है कि घर में हो रहे शोर को सुनकर जब पड़ोसी पहुंचे तो बेटा अनमोल मां को बचाने की कोशिश कर रहा था। लोगों ने तुरंत पानी डाला और दोनों को गंभीर हालत में मऊगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर दोनों को रीवा रेफर कर दिया गया, वहां इलाज के दौरान रश्मि की मौत हो गई जबकि अनमोल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जबलपुर रेफर किया गया है।
एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, इस सीसीटीवी में अरविंद पत्नी रश्मि के साथ मारपीट करता नजर आ रहा है। दोनों बच्चे उसे रोकने की कोशिश करते दिख रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि फुटेज कब का है और इसका महिला की मौत की घटना से क्या संबंध है। पुलिस ने रश्मि के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरु कर दी है। पुलिस का कहना है कि रश्मि की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना की वजह क्या रही, इसकी जांच कर रही है, मायके पक्ष के आरोपों को ध्यान में रखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है।
Updated on:
02 Sept 2026 04:56 pm
Published on:
02 Sept 2026 04:56 pm
