
mauganj robbery case family claims 40 lakh loot, पुलिस में शिकायत दर्ज कराने आई महिला व परिवार के लोग (Source-Patrika)
Mauganj 40 Lakh Robbery: मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले के तिलिया गांव में 40 लाख रुपये की बड़ी डकैती की वारदात सामने आई है। डकैती की घटना एक मेडिकल स्टोर संचालक के घर में हुई है। घटना के वक्त मेडिकल स्टोर संचालक की पत्नी व बेटा घर पर थे, पत्नी का कहना है कि पहले दो बदमाश मेडिकल स्टोर पर दवाई खरीदने के लिए आए और फिर उनके अन्य साथी आ गए। जिन्होंने घर में घुसकर हथियार दिखाकर बंधक बनाया और जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस में मामले की जांच शुरू कर दी है।
तिलिया गांव के रहने वाले अरविंद कुमार साहू घर में ही मेडिकल स्टोर का संचालन करते हैं। गुरूवार को वो बाहर थे, घर पर पत्नी व बेटा थे। अरविंद की पत्नी बेबी साहू के मुताबिक रात करीब 10 बजे दो लोग दवाई लेने के बहाने आए। उसके बाद उनके कुछ अन्य साथी भी आ गए। सीधे बदमाश मेडिकल स्टोर के अंदर घुस गए और कट्टा सहित धारदार हथियार दिखाकर बंधक बना लिया। उनके हाथ, पैर व मुंह बांधकर किनारे बैठा दिया।
पीड़िता बेबी साहू के मुताबिक बंधक बनाने के बाद बदमाशों ने पूरे घर की तलाशी ली और घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात व नकदी और मेडिकल स्टोर में रखे नकद पैसे और सामान लेकर फरार हो गए। बदमाशों के भागने के बाद महिला ने किसी तरह खुद की रस्सी खोली और पति को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू की। पीड़ित परिवार का दावा है कि करीब 40 लाख रुपये की डकैती हुई है।
वहीं, घटना की प्रारंभिक जांच में पुलिस को कुछ ऐसे बिंदु मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। थाना प्रभारी राजेश पटेल ने बताया कि महिला ने जिस रस्सी से खुद को बांधे जाने की बात कही है, वह काफी छोटी है और उससे इस तरह बांधना संभव नहीं लगता। थाना प्रभारी के मुताबिक, आरोपी रात करीब 10 बजे आए और रात करीब एक बजे घर से गए। उन्होंने कहा कि घटना में तीन घंटे तक बदमाशों के घर में रुके रहने की बात भी जांच का विषय है। पुलिस इन सभी बिंदुओं की जांच कर रही है।
Updated on:
04 Sept 2026 09:19 pm
Published on:
04 Sept 2026 09:19 pm
