सागर

सागर में सरेआम हत्या… लगुन के एक दिन पहले युवक को चाकू से गोदकर मारा

Nov 18, 2025
Feature image

पुलिस को न हत्यारों का सुराग मिला, न वारदात की वजह पता लगी

सागर . जिस युवक की एक दिन बाद लगुन आनी थी, उसे सोमवार शाम करीब साढ़े 5 बजे सरेआम चाकुओं से गोदकर मार डाला गया। बाइक से आए हत्यारों ने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। अधिक खून बह जाने से उसकी मौत हो गई। इस संगीन वारदात के पीछे की न तो वजह सामने आ सकी और न पुलिस को हत्यारों का कोई सुराग मिल पाया है।

सोमवार को अंबेडकर वार्ड निवासी 30 वर्षीय दीपचंद पुत्र दयाराम साहू कार की सर्विसिंग कराने भगवानगंज में स्टेशन रोड पर कार पार्लर पहुंचे थे। तभी यहां बाइक से तीन हत्यारे आए और उसपर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हमले से दीपचंद लहूलुहान हो गया। आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते हत्यारे वहां से फरार हो गए। दीपचंद को अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

पेट में चाकू घोंपने से हो गया 3 इंच गहरा घाव

सोमवार की शाम बदमाशों ने दीपचंद पर जानलेवा हमला किया था। चाकू से सीधे पेट पर वार किया गया था। चाकू का वार इस कदर घातक था कि उसकी जान चली गई। बताया गया कि चाकू के वार से दीपचंद के पेट में करीब 3 इंच गहरा घाव हो गया था। इससे पेट का मांस बाहर निकल आया और अधिक खून बहने के कारण इलाज के पहले ही दम तोड़ दिया।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना तत्काल वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। वारदात के बाद कैंट थाने में सीएसपी और एएसपी सहित थाना प्रभारी हमलावरों की तलाश के लिए जुटे रहे। लेकिन आरोपियों और घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है।

स्कूल टीचर की कार चलाता था उसी की सर्विसिंग करा रहा था

दीपचंद कार चालक था। वह भैंसवाही गिरवर के स्कूल में पदस्थ शिक्षिका मनीषा खटीक की कार चलाता था। उसी की सर्विसिंग कराने कार पार्लर गया था। तभी उसपर कातिलाना हमला किया गया। पेट में चाकू के गहरे घाव लगने से खून बह निकला। आसपास अफरातफरी मच गई। आरोपी मौके से फरार हो गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

दिसंबर में होनी थी उसकी शादी खुशी आने से पहले पसरा मातम

तीन भाइयों में दीपचंद मंझला था। परिवार में दीपचंद की शादी की खुशी का माहौल था। एक दिन बाद ही उसकी लगुन आनी थी। दिसंबर में शादी थी। घर में लगुन समारोह की तैयारी चल रही थी, लेकिन दीपचंद की हत्या से घर में मातम पसर गया।

- वारदात के बाद तीन आरोपी बाइक से फरार हो गए। घटना के कारणों का पता लगाने और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
- रोहित डोगरे, थाना प्रभारी कैंट

Updated on:
18 Nov 2025 07:08 pm
Published on:
18 Nov 2025 07:07 pm