सागर

दरवाजे पर कुंडली मार कर बैठा रहा कोबरा, सागर में ‘ॐ नमः शिवाय’ जपता रहा परिवार

Cobra Snake on Door Latch: परिवार के लोग सोकर उठे तो दरवाजे पर कोबरा को कुंडली मारकर बैठा देख उनके रोंगटे खड़े हो गए, 5 फीट लंबा कोबरा करीब डेढ़ घंटे तक दरवाजे की कुंडी पर कुंडली मारकर बैठा रहा।
2 min read
Jul 03, 2026
sagar snake
cobra on door latch family chants om namah shivaya, दरवाजे की कुंडी पर लिपटा कोबरा (source-patrika)

Sagar Cobra on Door Latch: मध्यप्रदेश के सागर के पथरिया जाट के लोधीपुरा इलाके में एक परिवार डेढ़ घंटे तक कोबरा सांप की दहशत में रहा। जब परिवार के लोग नींद से जागे तो दरवाजे की कुंडी पर कोबरा कुंडली मारकर बैठा हुआ था, जिसे देखकर परिवार के लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। वह अपनी जान की रक्षा के लिए ॐ नमः शिवाय मंत्र का जाप करते रहे। सूचना मिलने पर स्नेक कैचर अकील बाबा मौके पर पहुंचे और दरवाजे की कुंडी पर कुंडली मारकर बैठे कोबरा को पकड़ा, तब कहीं जाकर परिवार के सदस्यों ने राहत की सांस ली।

देखें वीडियो-

दरवाजे पर कुंडली मारकर बैठा था कोबरा

पथरिया जाट के लोधीपुरा इलाके में जगदीश लोधी का परिवार जब सुबह सोकर उठा तो दरवाजे की कुंडी पर एक कोबरा सांप कुंडली मारकर बैठा हुआ था। कोबरा को देखकर कमरे में मौजूद परिवार के तीनों सदस्य बुरी तरह सहम गए और करीब डेढ़ घंटे तक ॐ नमः शिवाय मंत्र का जाप करते रहे। इसी दौरान सांप पकड़ने वाले अकील बाबा को सूचना दी, जिसके बाद अकील बाबा मौके पर पहुंचे।

स्नेक कैचर ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

स्नेक कैचर अकील बाबा जब तक मौके पर पहुंचे कोबरा दरवाजे से उतरकर पास रखी टेबल के पीछे छिप चुका था। अकील बाबा ने धीरे-धीरे कर टेबिल से सामान हटाया और उसके पीछे छिपे कोबरा सांप का सुरक्षित रेस्क्यू कर डिब्बे में बंद किया। कोबरा सांप के पकड़े जाने के बाद जगदीश लोधी व परिवार के सदस्यों ने राहत की सांस ली। अकील बाबा कोबरा को अपने साथ ले गए और बाद में उसे जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया।

बारिश में बरतें सावधानी

स्नेक कैचर अकील बाबा ने बताया कि बारिश का मौसम आते ही बिलों में पानी भरने से ये जीव रिहायशी इलाकों का रुख कर रहे हैं। बारिश में अक्सर सुरक्षित व सूखा स्थान देखकर घरों में घुस आते हैं और छिप जाते हैं, जिससे जान का खतरा बना रहता है। ऐसे में घरों के आसपास साफ-सफाई रखना और रात में रोशनी का इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि जो कोबरा पकड़ा है वो करीब 5 फीट का है और बेहद जहरीला व फुर्तीला है। कोबरा दरवाजे की कुंडी पर लिपटा हुआ था जिसके कारण कमरे में आना-जाना संभव नहीं था। गनीमत रही कि सांप ने किसी को डसा नहीं।

Published on:
03 Jul 2026 06:21 pm