
सागर. ग्रामीणों के लिए पानी की व्यवस्था करने रातभर जागना पड़ रहा है। दिन में सारे काम छोड़कर पानी व्यवस्था करनी पड़ रही है। यह कहना है बड़कुआं ग्राम पंचायत निवासी महिलाओं का। जो गांव में चालू एक मात्र ट्यूबवेल से पानी लेने के लिए लाइन लगाए बैठी थीं। इसीलिए क्योंकि एक घंटे बंद होने के बाद इस ट्यूबवेल से १० से १५ लीटर पानी ही निकलता है। कोई और महिला नंबर आने के पहले पानी न भर ले इसीलिए अपनी बारी का इंतजार कर रही थीं। गांव में पानी की इतनी परेशानी है कि भरी ठंड में लोग रात दिन एक कर रहे हैं। ट्यूबवेल चालू होने पर पूरा गांव पानी लेने के लिए दौड़ पड़ता है।
स्थानीय निवासी महिला मानाबाई ने बताया कि एक दिन पहले से पानी भरने के लिए बर्तन रखे हैं, लेकिन दूसरे दिन तक नहीं भर पाए। कुसुमबाई, सोनाबाई, संझली बहू, कमला बाई, पदमाबाई, शीलरानी बंशल, शांतिबाई व ममता ने बताया कि पानी के लिए दिन में घर से बार-बार न आना पड़े, इसीलिए महिलाएं यहीं बैठकर बीड़ी बनाने का काम कर रही हैं। यहां पानी भरने के लिए आए दिन लड़ाई झगड़े हो रहे हैं। शिकायतें करने पर भी कोई व्यवस्था नहीं हो पा रही है।
अक्टूबर के बाद से यही परेशानी
ठंड के मौसम में ही गर्मी जैसी पानी की परेशानी से जूझ रहे ग्रामीणों ने बताया कि दीपावली के बाद से ही गांव में पानी की स्थिति खराब है। वॉटर लेबल नीचे जाने और ट्यूबवेल एक मात्र साधन होने के कारण परेशानी और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एक हैंडपंप का सामान पीएचई के कर्मचारी निकाल ले गए, वहीं दूसरा हैंडपंप सफाई न होने के कारण बंद पड़ा है।
पंचायत का सिर्फ एक ट्यूबवेल चालू
गांव में पंचायत द्वारा दो कुएं व चार गड्ढे करवाए गए, लेकिन इनमें से मात्र एक ट्यूबवेल का ही उपयोग पानी लेने के लिए हो पा रहा है। इसमें भी एक घंटे में 10 से 15 लीटर पानी निकल रहा है। वहीं पीएचई द्वार २ टंकियां बनवाई गईं व ४ गड्ढे करवाए गए। इनमें से मात्र 1 ट्यूबवेल व एक टंकी चालू है। यह ट्यूबवेल भी टंकी के लिए पार्याप्त पानी नहीं दे पा रहा है।
कुएं कर सकते हैं समस्या का समाधान
गांव के दोनों छोर पर पंचायत द्वारा दो सरकारी कुएं क्रमशा: 20 व 12 वर्ष पहले खुदवाए गए थे, लेकिन इनमें पुराव हो गया है व गंदा पानी जमा रहता है। गांव से कुओं की दूरी एक से डेढ़ किलोमीटर है। यदि इनकी साफ-सफाई करवाकर सही रखरखाव किया जाए तो पाइपलाइन डालकर पूरे गांव में पानी सप्लाई किया जा सकता है। अभी परेशानी होने पर ग्रामीण पास के बाछलोन गांव के ट्यूबवेल से पानी ढोते हैं।
व्यवस्था बनाई जाएगी
गांव पहाडिय़ों के बीच बसा है, इसीलिए वॉटर लेबल गिर जाने से बोरवेल सफल नहीं हो पा रहे हैं। एक महीने में ही बंद हो जाते हैं। पीएचई के साथ मिलकर पानी की समस्या दूर करने के लिए प्रयास कर रहे हैं। अभी की व्यवस्था बनाने के लिए निजी बोरवेल मालिकों से बात कर व्यवस्था बनाई जाएगी।
बलराम पटैल, सचिव, बड़कुआ