मार्च तक के लिए 10 हजार लोगों ने बुक कराईं टिकट सागर. दशहरा और दीपावली त्योहार के चलते ट्रेनों में भीड़ उमड़ रही है। सागर से भोपाल और कटनी तक जाने वाली लोकल ट्रेनों में ज्यादा दिक्कतें नहीं हैं, लेकिन लंबी दूरी की ट्रेनों में रिजर्वेशन नहीं मिल रहा है है और लोग परेशान हो […]
मार्च तक के लिए 10 हजार लोगों ने बुक कराईं टिकट
सागर. दशहरा और दीपावली त्योहार के चलते ट्रेनों में भीड़ उमड़ रही है। सागर से भोपाल और कटनी तक जाने वाली लोकल ट्रेनों में ज्यादा दिक्कतें नहीं हैं, लेकिन लंबी दूरी की ट्रेनों में रिजर्वेशन नहीं मिल रहा है है और लोग परेशान हो रहे हैं। सागर स्टेशन आने-जाने वाले करीब 10 हजार यात्रियों ने मार्च तक की बुकिंग करा रखी है। दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल से त्योहार पर घर आने और जाने वाले लोग यातायात के दूसरे साधन खोजते फिर रहे हैं।
बुंदेलखंड क्षेत्र के सागर, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ के ग्रामीण अंचलों के करीब 80 हजार लोग महानगरों में मजदूरी के लिए जाते हैं। दीपावली पर सभी त्योहार मनाने घर आते हैं। यह लोग एक डेढ़ माह पहले ट्रेनों की आरक्षित बोगियों में रिजर्वेशन कराने लगते हैं। इस बार भी 20 सितंबर के बाद से ही रिजर्वेशन का सिलसिला शुरू हो गया था, अब हालात ये हैं कि लंबी दूरी की किसी भी ट्रेन में सीट नहीं मिल रही। यह स्थिति सिर्फ 1 नवंबर तक की नहीं है, बल्कि मार्च तक की है। सागर स्टेशन से गुजरने वाली लंबी दूरी की करीब 16 ट्रेनों में प्रत्येक सीट पर 2 से लेकर 21 तक वेटिंग बताई जा रही है।
इन ट्रेनों में रिजर्वेशन नहीं मिल रहे
कामायनी, शालीमार, कोलकाता एक्सप्रेस, दरभंगा अंत्योदय, हावड़ा वीकली, सांतरागाछी हमसफर, सिंगरौली, विंध्याचल, गोरखपुर हमसफर, गोड़वाना, संपर्क क्रांति, दयोदय, क्षिप्रा, दुर्ग एक्सप्रेस, विशाखापटनम, हीराकुंड, दुर्ग हमसफर आदि ट्रेनें शामिल हैं।
बसों में रहेगी भीड़, स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग
आरक्षण काउंटर पर टिकट की लाइनों में लगे यात्रियों ने कहा कि ट्रेनों में सीट न मिलने पर दिल्ली, इंदौर, मुंबई, रायपुर जाने वाले लोगों को खासी दिक्कतें हो रहीं हैं। आसपास के 200 किमी तक लोग बसों से या अपने वाहन से आना-जाना कर रहे हैं। ऐसे में त्योहार पर स्पेशल ट्रेन चलाया जाना चाहिए। बसों में भी त्योहार पर भीड़ रहने की आशंका है।
त्योहार के चलते दयोदय, संपर्क क्रांति, उत्कल जैसी लंबी दूरी की प्राय: सभी ट्रेनों में मार्च तक की बुकिंग चल रही है। सागर से करीब 10 हजार टिकट बुक हो चुकी हैं। हालांकि यात्रियों के लिए तत्काल टिकट की सुविधा है।
दिनेश कोटालकर, प्रबंधक सागर रेलवे स्टेशन।