
सागर. नगर पालिका मकरोनिया क्षेत्र के लोग वर्षों से पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। नगर पालिका राजघाट के दम पर लोगों को पेयजल उपलब्ध करा रही है, जबकि स्वयं के क्षेत्र की बंद पड़ी पुरानी नल-जल योजनाओं के सुधार पर ध्यान नहीं दे रही। पत्रिका ने वार्ड 18 के बड़तूमा के हालात देखे तो चौंकाने वाली स्थिति मिली। यहां लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। कुछ लोगों ने हजारों रुपए खर्च टैंकर खरीद लिए हैं तो वार्ड के कुछ लोग अभी से 400 रुपए चुकाकर एक टैंकर पानी खरीदने को मजबूर हैं। वार्ड के उन लोगों को सबसे ज्यादा समस्या हो रही है जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं। उन्हें तो दो-दो किलोमीटर दूर खेतों के कुओं से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। यह हालात तो दिसंबर के शुरुआती दिनों के हैं। गर्मी में क्या स्थिति बनेगी, इसका अंदाजा लग सकता है।
यह है हकीकत
गांव के भूपेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि यहां पर आधे गांव में कुछ समय पहले तक नज-जल योजना थी, लेकिन सड़क निर्माण के दौरान टूटी लाइन के कारण वह भी एक माह से बंद है। इसके अलावा गांव में दो कुएं हैं, जिनमें से एक में पानी है। वह भी पीने योग्य नहीं है। गांव में लगे पांच में से तीन हैंडपंप पानी नहीं दे रहे। चुनाव के समय नेताओं ने वादे तो बहुत किए थे, लेकिन बाद में कुछ नहीं हुआ है।
स्थिति नहीं सुधरी तो
गांव के सतीश पांडे ने बताया कि यहां हमेशा पानी की समस्या होती है। पहले तो पानी खरीद लेता था, लेकिन जब गांव में स्थिति सुधरते नजर नहीं आई तो टैंकर खरीद लिया। गांव में कई परिवार एेसे हैं, जो एक-दो दिन के अंतराल से 400 रुपए खर्च कर एक टैंकर पानी खरीद रहे हैं।
हैंडपंप व पंपोला ने भी दिया धोखा
नीरज लोधी ने बताया कि गांव के लोगों के लिए हैंडपंप तो पानी दे नहीं पाते और कुओं में भी गंदा पानी है। यहां के लोगों को आर्मी के ओवरफ्लो (पंपोला) का कुछ सहारा था, लेकिन उसने भी धोखा दे दिया। स्थिति यह है कि अब १५-२० दिन में एक-दो दिन ही ओवरफ्लो से पानी आता है।