शहर का अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सूरज की तपिश ने शनिवार को सुबह शहरवासियों को बेहाल किया। वहीं शाम को 4 बजे से मौसम का एकाएक मिजाज बदला और तेज हवाओं के कारण शहर धूल के आगोश में आ गया। शहर में 50 से 55 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से हवाएं चली। करीब 2 घंटे तक चली धूल भरी आंधी से सड़कों पर लोगों का वाहन चलाना और पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया। कई जगह तेज रफ्तार से चली हवाओं की वजह से टीन शेड उड़ गए। धूल भरी आंधी होने के कारण चालक दिन में ही अपने वाहनों की लाइट्स जलाकर चले। शहर का अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार के मुकाबले अधिकतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस बढ़ गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि मौसम में यह बदलाव पूर्वोत्तर राजस्थान में सक्रिय चक्रवात परिसंचरण के कारण है, जो उत्तर-पश्चिमी मध्यप्रदेश तक फैला हुआ है। साथ ही पंजाब से केरल तक एक टर्फ रेखा हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश, विदर्भ और कर्नाटक होते हुए गुजर रही है। पूर्व-पश्चिम टर्फ का प्रभाव बंगाल और बांग्लादेश तक है। इन सभी सिस्टम के प्रभाव से 6 मई तक पूरे क्षेत्र में हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा।