
Jayant Chaudhary: केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी गुरुवार को सहारनपुर पहुंच रहे हैं। सहारनपुर के रामपुर मनिहारान स्थित गोचर कृषि इंटर कॉलेज के मैदान में उनकी रैली रखी गई है। आयोजकों का दावा है कि इस रैली में जयंत चौधरी अपने परिवार के साथ पहुंचेंगे। पिछले कई दिनों से अयोजक इस रैली की तैयारियों में जुटे हैं। अब देखना यह होगा कि इस रैली में कितनी भीड़ उमड़ती है। इसकी वजह यह है कि राजनीतिक विश्लेषक इस रैली को 2027 से पहले वेस्ट में रालोद का शक्ति प्रदर्शन बता रहे हैं।
रामपुर मनिहारान स्थित गोचर कृषि इंटर कॉलेज प्रबंधन की ओर से इस रैली का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए आस-पास के जिलों में तैयारियां चल रही हैं। बिजनौर सांसद चंदन सिंह चौहान ने इस रैली से पहले मीडियाकर्मियों से बात करते हुए बताया कि, रैली में 50 हजार लोगों के बैठने का इंतजाम किया गया है। खुले मैदान में पंडाल लगाया गया है। पार्किंग से लेकर बैठने तक के सभी इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि इस रैली में बड़ी संख्या में समर्थक पहुंच रहे हैं। आयोजकों का कहना है कि जो लोग रालोद को कमजोर समझ रहे हैं उनके मुंह पर यह रैली तमाचा होगी।
आयोजकों के मुताबिक सुबह करीब 11:30 बजे केंद्रीय राज्य मंत्री अपने परिवार के सदस्यों के साथ पहुंचेगे। इस दौरान वह अपने समर्थकों को आगामी चुनाव के लिए तैयार करेंगे। यह भी दावा किया जा रहा है कि इस रैली के मंच से जयंत चौधरी 2027 के चुनाव को लेकर रालोद की रणनीति और तैयारियों के बारे में भी बताएंगे। इसके साथ ही वेस्ट को लेकर या फिर पार्टी को लेकर जयंत कोई महत्वपूर्ण घोषणा भी कर सकते हैं। यही कारण है कि समर्थकों के साथ-साथ अन्य दलों की निगाह पर भी इस स्वाभिमान रैली पर है।
2027 की तैयारियां अभी धरातल पर नहीं दिख रही ऐसे में जयंत चौधरी की अचानक आई इस रैली को लेकर लोगों के मन में यह भी सवाल उठ रहा है कि आखिर इस रैली का उद्देश्य क्या है? इस प्रश्न पर रैली आयोजकों का यही कहना है कि इस स्वाभिमान रैली का उद्देश्य पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी ताकत दिखाने का है। यानि साफ है कि इस रैली के जरिए रालोद लोगों के यह दिखाना चाहती है कि वेस्ट में वह अभी भी पूरी मजबूती के साथ खड़ी है। अब देखना यह होगा कि इस रैली में कितनी भीड़ आती है और मंच से रालोद प्रमुख जयंत चौधरी क्या घोषणा करते हैं।