सतना

Satna Crime: हत्या कर रात भर शव के पास बैठा रहा राघवेन्द्र, सुबह होते ही 37 हजार रुपये लेकर भागा

Crime News: बुजुर्ग के टोकने पर आरोपी ने की हत्या, कमरे से बदबू आने पर हुआ था खुलासा, गद्दे में लिपटा था मिला था शव।
2 min read
• •
Oct 21, 2026
satna murder case solved
satna murder case solved, घटनास्थल पर जांच करती पुलिस और इनसेट में आरोपी राघवेन्द्र (Source-Patrika)

Satna Crime: मध्यप्रदेश के सतना में बीते दिनों हुई बुजुर्ग की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रातभर शव के पास ही बैठा रहा था और सुबह होने से ठीक पहले रुपये लेकर कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर फरार हो गया था। 19 अक्टूबर को कमरे से तेज दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी गई थी जिसके बाद पुलिस ने कमरे से बुजुर्ग का शव बरामद किया था।

19 अक्टूबर को मिला था शव

पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि शहर जगतदेव तालाब स्थित रामजानकी धर्मशाला के एक कमरे से तेज बदबू आने की सूचना पुलिस को 19 अक्टूबर को मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे का दरवाजे पर ताला लगा था। ताला तोड़ने के अंदर पहुंचने पर बुजुर्ग का शव गद्दे में लिपटा बरामद हुआ था। मृतक की पहचान 70 वर्षीय बिहारीलाल पाठक के तौर पर हुई थी। बुजुर्ग बीते कुछ वर्षों से धर्मशाला में ही रहकर भीख मांगकर अपना जीवन यापन करते थे।

रातभर शव के पास बैठा रहा आरोपी

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस राघवेन्द्र मिश्रा तक पहुंची। आरोपी राघवेन्द्र मिश्रा मूल रूप से रीवा जिले के डभौरा का रहने वाला है। आरोपी को पकड़कर पूछताछ करने पर उसने वारदात को अंजाम देना कबूल किया है। आरोपी ने बताया कि वो 15 अक्टूबर की रात बिहारीलाल पाठक के साथ धर्मशाला के कमरे में रुका था। कपड़े न धोने की बात पर बुजुर्ग ने उसे फटकार लगाई और गालियां दीं। इसी बात से नाराज होकर उसने रात करीब 12 बजे सोते समय बुजुर्ग के सिर और गर्दन पर कई वार कर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रातभर शव के पास बैठा रहा और सुबह होने से पहले करीब साढ़े चार बजे शव को गद्दे में लपेटकर पेटी में रखे करीब 37 हजार रुपए नकद, कागजात और तस्वीरें लेकर कमरा बंद कर फरार हो गया था।

Updated on:
21 Oct 2026 07:22 pm
Published on:
21 Oct 2026 07:22 pm