सवाई माधोपुर

राजस्थान : शादी से लौट रहे युवक की हत्या, बदमाशों ने घेरकर धारदार हथियारों से किया हमला

गंगापुरसिटी के वजीरपुर उपखण्ड के मीना बड़ौदा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर कुछ बदमाशों ने हिस्ट्रीशीटर युवक की हत्या कर दी। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामला गैंगवार का बताया जा रहा है।
2 min read
gangapur city murder
मृतक युवक अवधेश फाइल फोटो।

गंगापुरसिटी (सवाई माधोपुर)। वजीरपुर उपखण्ड के मीना बड़ौदा गांव में बुधवार रात को पुरानी रंजिश को लेकर कुछ बदमाशों ने हिस्ट्रीशीटर युवक की हत्या कर दी। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामला गैंगवार का बताया जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस तथा परिजन युवक को पहले वजीरपुर चिकित्सालय ले गए, जहां से रेफर कर दिया। फिर गंगापुरसिटी में निजी चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार कराया, जहां जिला अस्पताल भेज दिया गया। वहां पर उसे जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

इस सम्बंध में परिजन ने वजीरपुर थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया है। इसमें भूरा व अमित सहित अन्य को नामजद किया है। इसमें बताया कि मीना बड़ोदा निवासी मृतक युवक अवधेश पुत्र हरिसिंह मीना, अपने चाचा व ताऊ के साथ गढ़ी बांधवा से शादी में शामिल होकर आ रहे थे। गांव के मोड़ के पास चाचा व ताऊ लघुशंका के लिए रुक गए। वहीं अवधेश बाइक पर बैठा रहा। इस दौरान पीछे से कार सवार नेहरू गैंग के करीब 20 बदमाशों ने पहले बाइक को टक्कर मारी। इसके बाद उसके पैरों पर फायर किए।

लोहे के पाइप से किया हमला

इसके बाद लोहे के पाइप से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला चिकित्सालय में उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अवधेश मीणा का विवाह चार साल पहले हुआ था। उसकी डेढ़ साल की एक बच्ची है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

दोनों ही हिस्ट्रीशीटर, 6 जने डिटेन

इधर, पुलिस उपाधीक्षक गिर्राज मीना ने बताया कि दोनों ही पक्ष हिस्ट्रीशीटर हैं। अवधेश के ऊपर दस प्रकरण दर्ज हैं, वहीं नेहरू के खिलाफ 22 मुकदमें दर्ज हैं। दोनों में पुरानी रंजिश चली आ रही है। गत वर्ष फरवरी माह में अवधेश ने नेहरू के पैर तोड़ दिए थे।

इससे मामला बढ़ गया था। फिलहाल परिजनों की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। दो नामजद आरोपी सहित छह जनों को डिटेन किया है। पोस्टमार्टम में कोई गोली नहीं मिली है। लोहे के पाइप में कील लगी होने के कारण पैरों तथा सिर के पास कील के निशान हैं।

Published on:
07 May 2026 08:49 pm